प्रयागराज-प्रतापगढ़ में बदला मौसम : आंधी-बारिश से तपिश में राहत, मौसम बिगड़ने का अलर्ट जारी
प्रयागराज/प्रतापगढ़। प्रयागराज और प्रतापगढ़ समेत पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में बुधवार दोपहर तेज हवाओं के साथ हल्की बूंदाबांदी ने प्रचंड गर्मी से फौरी राहत दिलायी वही यमुनापार इलाके के बारा में ओले गिरे। प्रयागराज से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार बारिश शुरू होने के साथ तेज हवाओं के साथ आंधी चली जिससे संगम तट पर झोपड़ियां उखड़ गईं। मौसम विभाग ने अगले 3 घंटे में मौसम बिगड़ने का अलर्ट जारी किया है।
इस दौरान आंधी-तूफान के साथ बारिश हो सकती है। बिजली और ओले भी गिर सकते हैं। प्रयागराज में पिछले एक हफ्ते से तापमान लगातार 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ था । लोग जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकल रहे थे। इंसानों के साथ-साथ जानवर भी इस तेज गर्मी से परेशान नजर आ रहे थे। जो लोग बाहर निकलते भी थे, वे खुद को बचाने के लिए गमछा, टोपी और छाते का सहारा ले रहे थे लेकिन आंधी बारिश होने से मौसम खुशनुमा हो गया है।
उधर प्रतापगढ़ में दोपहर लगभग दो बजे अचानक मौसम बदल गया। घने बादल घिर गये और अन्धेरा हो गया। तेज हवाओ के साथ गरज चमक के साथ वर्षा शुरु हो गयी। आकाशीय बिजली की कड़क चमक से लोग अपने घरो मे दुबक गये है। सड़कें सूनी हो गयी। सडको पर लगे ठेले और गुमटी दुकानदारों ने दुकानें बन्द करके आसपास के घरों मे जाकर शरण ली।
