उपलब्धियों की ऊंची उड़ान : डॉ. दर्शन बजाज को मिलीं तीन बड़ी फेलोशिप, KGMU के खाते में जुड़ी एक और उपलब्धि
लखनऊ, अमृत विचार : किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) स्थित रेस्पीरेटरी मेडिसिन विभाग के नाम एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ गई है। विभाग के प्रोफेसर डॉ. दर्शन बजाज को उनके विशेष चिकित्सा योगदान के लिए तीन फेलोशिप से नवाजा गया है।

अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय फलक पर मिली पहचान
डॉ. दर्शन बजाज को जिन तीन संस्थानों ने फेलोशिप से सम्मानित किया गया है, उनमें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अमेरिकन कॉलेज ऑफ चेस्ट फिजिशियन, राष्ट्रीय स्तर पर इंडियन कॉलेज ऑफ चेस्ट फिजिशियन और इंडियन एसोसिएशन ऑफ क्लिनिकल मेडिसिन शामिल हैं। अमेरिकन कॉलेज ऑफ चेस्ट फिजिशियन की तरफ से एफ.सी.सी.पी. प्रदान की गई है, लेकिन आगामी अक्टूबर माह में अमेरिका के एरिजोना में आयोजित एक भव्य समारोह में औपचारिक रूप से यह फेलोशिप देकर डॉ. दर्शन को सम्मानित किया जायेगा। इसके अलावा इंडियन कॉलेज ऑफ चेस्ट फिजिशियन ने एफ.आई.सी.एस. और इंडियन एसोसिएशन ऑफ क्लिनिकल मेडिसिन ने एफ.आई.ए.सी.एम. फेलोशिप दी है।
केजीएमयू के प्रो.संतोष कुमार ने बताया कि रेस्पीरेटरी मेडिसिन के क्षेत्र में डॉ. बजाज के शोध और मरीजों के इलाज में महत्वपूर्ण योगदान को देखते हुए यह फेलोशिप मिली है। उन्होंने बताया कि डॉ. दर्शन बजाज की यह उपलब्धि भविष्य के युवा डॉक्टरों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
