Bareilly : मीरगंज कांड में पुलिस को मिले अहम सुराग, जल्द खुलासा संभव

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

पांच संदिग्धों में एक संदिग्ध पर टिकीं निगाहें

बरेली, अमृत विचार। मीरगंज थाना क्षेत्र में 12 वर्षीय किशोरी की आत्महत्या मामले में पुलिस जांच ने अहम मोड़ ले लिया है। पुलिस के हाथ मामले को लेकर अहम सुराग लगे हैं। अभी तक शक की शुई 5 लोगों पर घूम रही थीं मगर अब जांच का फोकस एक संदिग्ध पर टिक गया है। पुलिस जल्द ही जल्द ही हैवानियत करने वाले शख्स को बेनकाब कर सकती है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामले में पुलिस ने पांच संदिग्धों को चिह्नित किया था, जिनमें से एक आरोपी के रूप में सामने आया है। पुलिस अब उसके खिलाफ पुख्ता साक्ष्य जुटाने में जुटी हुई है और डिजिटल व अन्य साक्ष्यों की भी गहन जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि 12 वर्षीय किशोरी के साथ शारीरिक शोषण की घटना हुई थी, जिसके बाद वह गहरे मानसिक तनाव में आ गई थी। इसी तनाव के चलते उसने आत्महत्या जैसा कदम उठा लिया। मामले में सबसे अहम बात यह सामने आई है कि यदि किशोरी का पोस्टमार्टम नहीं कराया जाता, तो आत्महत्या के पीछे की असल वजह का खुलासा नहीं हो पाता। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके बाद जांच की दिशा बदल गई और आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिली। अब पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में आक्रोश और गम का माहौल है। परिजन आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। एसपी नार्थ अंशिका वर्मा ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। कुछ लीड मिली है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

संबंधित समाचार