Irfan Khan's death anniversary : रिलीज हुई सालों से अटकी फिल्म 'द लास्ट टेनेंट', यूट्यूब पर देखें इरफ़ान खान की अनसुनी कहानी

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

मुंबई। अभिनेता इरफान खान के भारत के बहुमुखी प्रतिभाशाली कलाकारों में शुमार होने से बहुत पहले बनी फिल्म 'द लास्ट टेनेंट' जोकि अब तक प्रदर्शित नहीं की जा सकी थी, को अंततः इसके निर्माताओं ने यूट्यूब पर रिलीज कर दिया है। यह फिल्म वर्ष 2000 में पूरी हो गई थी और इसे अब 29 अप्रैल को इरफ़ान खान की छठी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि स्वरूप 'द सॉल्ट इंक' के यूट्यूब पेज पर जारी किया गया। 

सार्थक दासगुप्ता द्वारा लिखित और निर्देशित 43 मिनट की इस फिल्म में इरफ़ान के साथ विद्या बालन हैं। विद्या उस समय मशहूर टीवी शो 'हम पांच' के लिए जानी जाती थीं। यूट्यूब पेज पर जारी फिल्म के कैप्शन में लिखा है, "कुछ फिल्में खो नहीं जातीं, वे बस इंतजार करती हैं। साल 2000 में, एक युवा फिल्मकार ने- जिसके पास न बजट था और न गारंटी, केवल एक दृष्टि थी- दो असाधारण कलाकारों को साथ लेकर कुछ जादुई-सा बना डाला। 

वह फिल्मकार थे सार्थक दास गुप्ता।" फिल्म के यूट्यूब पेज पर लिखे ''कैप्शन'' में कहा गया, "वे दो कलाकार इरफ़ान खान और विद्या बालन थे, उस समय जब दुनिया वास्तव में उनके नामों को जानती भी नहीं थी। यह फिल्म हमेशा के लिए खो चुकी मान ली गई थी। इसके फुटेज लुप्त हो चुके थे, और इसकी स्मृतियां केवल उन लोगों के जेहन में थी, जिन्होंने इसे देखा था।" 

कैंसर के चलते 29 अप्रैल, 2020 को मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में इरफ़ान का निधन हो गया था। फिल्म की रिलीज पर अभिनेत्री विद्या बालन ने पुरानी यादें साझा करते हुए कहा, "'द लास्ट टेनेंट' को आखिरकार दर्शकों तक पहुंचते देखना बेहद सुखद एहसास है। मैं तब अपने करियर की शुरुआत ही कर रही था और अपनी पहचान बनाने की कोशिश में थी। इरफ़ान के साथ काम करना उस समय बेहद खास था और अब और भी ज्यादा खास लग रहा है, क्योंकि यह एक एकमात्र ऐसी फिल्म है जिसमें मुझे उनके साथ स्क्रीन साझा करने का अवसर मिला।" 

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सार्थक ने फिल्म की फुटेज खो दी थी, जिसके कारण यह दो दशकों से अधिक समय तक ठंडे बस्ते में रही। हाल ही में उन्हें इसकी एक वीएचएस कॉपी मिली, जिससे इसकी रिलीज संभव हो सकी। सार्थक ने उक्त फिल्म के रिलीज को एक सपने के सच होने जैसा बताया। इस फिल्म का निर्माण सार्थक और उनकी पत्नी नीना ने अपने बैनर 'द सॉल्ट इंक' के तहत किया है।

ये भी पढ़ें :
राजा शिवाजी पर रितेश देशमुख का बड़ा खुलासा, फिल्म के लिए सलमान खान और संजय दत्त समेत सितारों ने नहीं ली कोई फीस

संबंधित समाचार