UP: मिर्च तोड़ने जा रहे मजदूरों की पिकअप पलटी, 27 घायल व छह की हालत गंभीर
बिलासपुर, अमृत विचार। बिलासपुर तहसील क्षेत्र के गांव नवाबगंज मार्ग स्थित चकफेरी मोड़ पर बुधवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। मिर्च तोड़ने जा रहे 27 मजदूरों से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में पिकअप सवार सभी मजदूर घायल हो गए, जिनमें से 6 की हालत गंभीर होने पर रेफर कर दिया।
बुधवार की तड़के लगभग चार बजे क्षेत्र के गांव हामिदाबाद निवासी 27 मजदूर पिकअप गाड़ी में सवार होकर मिर्च तोड़ने के लिए जा रहे थे। जैसे ही वाहन नवाबगंज मार्ग स्थित चकफेरी मोड़ के निकट पहुंचा, तो रफ्तार तेज होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। इसी बीच पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड्डे में पलट गई। जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने बचाव कर शुरू कर दुर्घटना से पुलिस को अवगत करवाया।
सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। बाद में घायलों को तुरंत एम्बुलेंस के जरिए उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल 6 लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। वहीं, अन्य घायलों का उपचार सीएचसी पर चल रहा है। प्रभारी निरीक्षक जीत सिंह ने बताया कि क्षतिग्रस्त वाहन को कब्जे में ले लिया है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। चश्मदीदों के मुताबिक, वाहन में क्षमता से अधिक लोग सवार थे और मोड़ पर गति अधिक होने के कारण यह दुर्घटना हुई। जांच उपरांत अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
यह मजदूर हुए हैं घायल
हादसे में घायल हुए मुख्य रूप से ये लोग शामिल हैं।शवेज अली, नासरिन, रज्जाक अली, साबिया, शाबिया, आमिना सानिया, मरियम, नाजिम, सुल्तान, आलम, रुखसार, अमरीन, जुबैर, अंजुमन, गुलशान, आलम, जैनब, उज्मा , सामिया, हिना, नसीरुद्दीन, शाबिर अली, रिहाना, अना बी, साबीर, अमीना शामिल हैं। वहीं चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल साजिया, साबिया, मुस्कान, आमिना, हिना आदि का प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
