Bareilly:मैट्रिमोनियल साइट से बढ़ाई दोस्ती, फिर खुद को दरोगा बताकर टीचर से 22.50 लाख ठगे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। बारादरी थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज ठगी का मामला सामने आया है। युवक ने खुद को पुलिस में सब-इंस्पेक्टर (एसआई) बताकर शिक्षिका को शादी का झांसा देकर करीब 22.50 लाख रुपये ठग लिए। इतना ही नहीं, रुपये वापस मांगने पर आरोपी ने युवती को जान से मारने की धमकी दी।

युवती ने बताया कि उसकी मुलाकात जनवरी 2026 में एक मैट्रिमोनियल वेबसाइट के जरिए रितिक काम्बोज से हुई। आरोपी ने खुद को पुलिस विभाग में एसआई बताकर विश्वास जीता और फोन पर लगातार बातचीत करता रहा। 21 फरवरी 2026 को दोनों की मुलाकात मेरठ के एक होटल में हुई, जहां आरोपी ने शादी का वादा किया। इसके बाद 25 फरवरी को आरोपी बरेली आया और पीड़िता को अपने साथ ले जाकर आर्य समाज, गाजियाबाद में शादी कर ली। 

इसके बाद आरोपी ने मकान खरीदने का झांसा देकर पहले 10 लाख रुपये खाते से निकलवाए, फिर अगले दिन 10 लाख रुपये आरटीजीएस के माध्यम से एक खाते में ट्रांसफर करवा लिए। आरोपी ने भरोसा दिलाया कि मकान युवती के नाम पर होगा, लेकिन बाद में टालमटोल करने लगा। कुछ दिन बाद आरोपी ने अपने एक चाचा के पानी प्लांट के लिए 2.50 लाख रुपये और ट्रांसफर करा लिए। इसके बाद भी वह बहाने बनाता रहा और संपर्क से बचता रहा। युवती को बाद में पता चला कि आरोपी पहले से शादीशुदा है, तब उसने अपने पैसे वापस मांगे। इस पर आरोपी ने धमकी दी वह रुपए नहीं देगा जो करना है कर लो। बताया कि आरोपी अपने साथ हथियार भी रखता है और इसी के दम पर धमकाता है। युवती ने क्षेत्राधिकारी नगर तृतीय को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। क्षेत्राधिकार के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।

 

संबंधित समाचार