कुशल रणनीति और सटीक अध्ययन से पाएं यूपीटीईटी में सफलता

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

यूपीटीईटी 2026 अब ज्यादा दूर नहीं है और परीक्षा में लगभग 60 दिन का समय शेष है। ऐसे में यह समय आपकी तैयारी को अंतिम रूप देने का है, न कि नई शुरुआत करने का। सही रणनीति, सटीक अध्ययन और नियमित अभ्यास के माध्यम से आप इस परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। चूंकि यूपीटीईटी एक पात्रता परीक्षा है, इसलिए लक्ष्य केवल पास होना नहीं, बल्कि अच्छे अंकों के साथ 

करना होना चाहिए। यदि आप इन 60 दिनों का सही उपयोग करते हैं, तो न केवल आप कट-ऑफ से ऊपर स्कोर कर पाएंगे, बल्कि भविष्य के शिक्षण करियर के लिए मजबूत नींव भी तैयार कर सकेंगे। – नवनीत तिवारी

सिलेबस और परीक्षा पैटर्न को समझें

तैयारी के इस अंतिम चरण में सबसे पहले पूरे सिलेबस और परीक्षा पैटर्न को दोबारा अच्छी तरह समझें। यह जानना जरूरी है कि किस विषय से कितने प्रश्न आते हैं और किन टॉपिक्स का वेटेज अधिक है। इससे आप अपनी पढ़ाई को सही दिशा में ले जा सकते हैं और अनावश्यक विषयों पर समय बर्बाद होने से बच सकते हैं।

पिछले वर्षों के ट्रेंड का विश्लेषण करें

पिछले वर्षों के प्रश्नपत्रों को हल करना और उनका विश्लेषण करना बेहद जरूरी है। इससे आपको यह समझने में मदद मिलेगी कि किन विषयों से बार-बार प्रश्न पूछे जाते हैं और परीक्षा का कठिनाई स्तर कैसा रहता है। इस आधार पर आप अपनी रणनीति को और मजबूत बना सकते हैं।

सीमित और गुणवत्ता वाली अध्ययन सामग्री चुनें

इस समय नई किताबें या कई स्रोतों को फॉलो करने से बचें। केवल उन्हीं नोट्स और पुस्तकों पर ध्यान दें, जिनसे आपने पहले पढ़ाई की है। एक विषय के लिए एक ही स्रोत को फॉलो करना बेहतर होता है, इससे कंफ्यूजन कम होता है और रिवीजन आसान हो जाता है।

मुख्य विषयों पर बढ़ाएं फोकस 

बाल विकास एवं शिक्षाशास्त्र पर विशेष ध्यान दें, क्योंकि इसका वेटेज दोनों पेपर में अधिक होता है। इसके साथ ही भाषा विषयों में समझ और व्याकरण को मजबूत करें। जिस पेपर की तैयारी कर रहे हैं, उसके अनुसार गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान और पर्यावरण अध्ययन पर भी ध्यान केंद्रित करें।

मॉक टेस्ट और अभ्यास को प्राथमिकता दें

अब समय है अधिक से अधिक मॉक टेस्ट देने का। सप्ताह में कम से कम 2-3 फुल-लेंथ मॉक टेस्ट हल करें। इसके अलावा रोजाना छोटे-छोटे क्विज भी हल करें, जिससे आपकी गति और सटीकता में सुधार होगा। नियमित अभ्यास आपको परीक्षा के माहौल के लिए तैयार करेगा।

प्रदर्शन का विश्लेषण करें

हर मॉक टेस्ट के बाद अपनी गलतियों का विश्लेषण करना बेहद जरूरी है। यह समझें कि आप किन टॉपिक्स में कमजोर हैं और वहां ज्यादा समय दें। यह रणनीति आपको लगातार सुधार करने में मदद करेगी।

कान्सेप्ट की स्पष्टता पर ध्यान दें

इन 60 दिनों में रटने की बजाय कॉन्सेप्ट को समझने पर जोर दें। पेपर 1 में बेसिक समझ और शिक्षण कौशल पर फोकस होता है, जबकि पेपर 2 में गहराई से समझ और उसका प्रयोग पूछा जाता है। स्पष्ट अवधारणाएं आपको हर प्रकार के प्रश्न हल करने में मदद करेंगी।

रिवीजन को नियमित बनाएं

हर सप्ताह कम से कम एक दिन केवल रिवीजन के लिए निर्धारित करें। जो भी आपने पढ़ा है, उसे दोहराना बेहद जरूरी है, वरना परीक्षा के समय याद रखना कठिन हो सकता है। छोटे-छोटे नोट्स बनाकर रिवीजन करना और भी प्रभावी रहेगा।

समय प्रबंधन और स्पीड पर काम करें

परीक्षा में समय सीमित होता है, इसलिए प्रश्नों को तेजी और सही तरीके से हल करना जरूरी है। अभ्यास के दौरान टाइमर लगाकर पेपर हल करें, ताकि आपकी स्पीड और एक्यूरेसी दोनों बेहतर हो सकें।

स्वास्थ्य और मानसिक संतुलन बनाए रखें

तैयारी के इस दौर में अपने स्वास्थ्य को नजरअंदाज न करें। संतुलित आहार लें, पर्याप्त नींद लें और हल्का व्यायाम या योग जरूर करें। बीच-बीच में छोटे ब्रेक लेने से आपका मन तरोताजा रहेगा और पढ़ाई में एकाग्रता बनी रहेगी।

संबंधित समाचार