नोएडा एयरपोर्ट पर लखनऊ से आयेगी पहली फ्लाइट, इन शेहरों के लिए टिकटों की बिक्री शुरू

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश के जेवर में बने नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहली वाणिज्यिक उड़ान 15 जून को लखनऊ से आयेगी जबकि जाने वाली पहली उड़ान बेंगलुरु के लिए रवाना होगी। इंडिगो ने गुरुवार को बताया कि टिकटों की बुकिंग शुरू हो गयी है। इस हवाई अड्डे से उड़ानों का पहला परिचालन इंडिगो कर रही है। पहले दिन यहां आने वाली सबसे पहली विशेष उड़ान लखनऊ से सुबह 7.05 बजे रवाना होगी और सुबह 8.05 बजे यहां आयेगी। यहां से जाने वाली पहली विशेष उड़ान सुबह 8.35 बजे बेंगलुरु के लिए जायेगी।

CM योगी करेंगे उड़ान को झंडी दिखाकर रवाना 

माना जा रहा है कि लखनऊ से आने वाली विशेष उड़ान में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी आयेंगे जो बेंगलुरु जाने वाली उड़ान को झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इंडिगो द्वारा जारी शिड्यूल में बताया गया है कि 15 जून को ही हैदराबाद और अमृतसर के लिए भी दैनिक उड़ानें शुरू होंगी।इंडिगो अगले दिन 16 जून से नोएडा से बेंगलुरु और जम्मू के लिए नियमित उड़ानें शुरू करेगी। ये सभी दैनिक उड़ानें होंगी। अगले चरण में 01 जुलाई से नवी मुंबई, श्रीनगर, जोधपुर, धर्मशाला, भोपाल और देहरादून के लिए दैनिक उड़ाने शुरू की जायेगी।

लखनऊ, जयपुर, पंतनगर और चंडीगढ़ के लिए रोजाना दो-दो उड़ानें, बरेली के लिए सप्ताह में चार और किशनगढ़ के लिए सप्ताह में तीन उड़ानें उपलब्ध होंगी। इंडिगो ने बताया है कि उसके वेबसाइट, मोबाइल ऐप और एजेंटों के माध्यम से बुकिंग शुरू हो गयी है। जल्द ही अकासा एयर और एयर इंडिया एक्सप्रेस भी नोएडा हवाई अड्डे से अपनी सेवाएं शुरू करेंगी। 

इस हवाई अड्डे का निर्माण ज्युरिख एयरपोर्ट इंटरनेशनल की पूर्ण स्वामित्व वाली कंपनी यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड (वाईआईएपीएल) ने किया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 28 मार्च को हवाई अड्डे का उद्घाटन किया था। यह दिल्ली के पालम स्थित इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के बाद दिल्ली-एनसीआर का दूसरा बड़ा हवाई अड्डा है।

ये भी पढ़ें :  
NCRB रिपोर्ट में अपराध नियंत्रण का योगी मॉडल सफल, हत्या-डकैती और महिला से जुड़े गंभीर अपराधों में कमी, यूपी अन्य राज्यों से बेहतर

संबंधित समाचार