वाराणसी के कायाकल्प के लिए 19.42 करोड़ स्वीकृत, 17 नई परियोजनाओं से चमकेगी धार्मिक विरासत

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

धार्मिक विरासत के संरक्षण और आधुनिक सुविधाओं के विस्तार पर जोर, काशी में बढ़ते पर्यटन को मिलेगा नया बल

लखनऊ, अमृत विचार। राज्य सरकार ने वाराणसी में धार्मिक विरासत के पुनरोत्थान और पर्यटन सुविधाओं के विकास के लिए 1942.66 लाख रुपये की 17 महत्वपूर्ण परियोजनाओं को स्वीकृति दी है। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि इन परियोजनाओं का उद्देश्य काशी की प्राचीन धरोहरों का संरक्षण करते हुए आधुनिक अवस्थापना सुविधाओं का विकास करना है।

पर्यटन मंत्री ने बताया कि वाराणसी उत्तरी क्षेत्र में सिटी स्टेशन के पास उत्तरार्क आदित्य सूर्य मंदिर एवं सूर्य कुंड के विकास के लिए 44 लाख रुपये और सारनाथ स्थित क्षेत्रीय पर्यटन कार्यालय के उन्नयन के लिए 12 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वाराणसी कैंट क्षेत्र में पर्यटन सूचना केंद्रों के उन्नयन, केदारघाट एवं आसपास के घाटों के विकास सहित कई कार्यों के लिए अलग-अलग धनराशि आवंटित की गई है।

धार्मिक स्थलों के विकास पर विशेष ध्यान

परियोजनाओं के तहत बिरदोपुर स्थित आदि शंकराचार्य मठ, पिंडरा क्षेत्र का हनुमान मंदिर, सेवापुरी का खाकी मंदिर, रोहनिया का महादेव मंदिर और अजगरा क्षेत्र के प्राचीन मंदिरों के विकास के लिए करोड़ों रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा सेवापुरी स्थित यक्षणी माता मंदिर के पर्यटन विकास के लिए भी विशेष धनराशि आवंटित की गई है।

प्रमुख पर्यटन स्थलों का होगा कायाकल्प

वाराणसी दक्षिण क्षेत्र के प्रमुख स्थलों भारत माता मंदिर, दुर्गा मंदिर, काल भैरव मंदिर, संकट मोचन मंदिर, अन्नपूर्णा मंदिर, अस्सी घाट, पंचगंगा घाट और दशाश्वमेध घाट के विकास के लिए पांच करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। नमो घाट पर साउंड सिस्टम की व्यवस्था के लिए 50 लाख रुपये और काशी नगरी प्रचारिणी सभा के विकास के लिए दो करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है।

बौद्ध परिपथ और संकेतक व्यवस्था को बढ़ावा

बौद्ध परिपथ के अंतर्गत आने वाले पर्यटन स्थलों पर साइनेज (संकेतक) कार्यों के लिए 158.91 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं,जिससे पर्यटकों को बेहतर मार्गदर्शन मिल सके। काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के निर्माण और बेहतर सुविधाओं के चलते यहां देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है।

ये भी पढ़ें :  
परफार्मेंस के आधार पर पंचायतों को मिलेगी ग्रांट, 16वें वित्त आयोग ने तय किए नए नियम 

संबंधित समाचार