LU प्रवेश प्रक्रिया से पीजी पाठ्यक्रमों में प्रवेश को 10 कॉलेज शामिल,अब एक ही फॉर्म से मिलेगा कई जगह मौका, जानें कितनी सीटें

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार: लखनऊ विश्वविद्यालय में शैक्षिक सत्र 2026-27 केंद्रीयकृत प्रवेश प्रक्रिया से परास्नातक स्तर के पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए 10 वित्तपोषित, अल्पसंख्यक कॉलेज शामिल हैं। जिसकी जानकारी पीजी पाठ्यक्रमों के लिए जारी ब्रोशर में पाठ्यक्रमवार दी गई है। इससे जिन विद्यार्थियों को एलयू में दाखिला नहीं मिलेगा, उन्हें सीधे कॉलेजों में प्रवेश का मौका मिल सकेगा।

प्रवक्ता प्रोफेसर मुकुल श्रीवास्तव ने बताया कि विवि की केंद्रीयकृत प्रवेश व्यवस्था से नारी शिक्षा निकेतन पीजी कॉलेज में एमए हिन्दी, नवयुग कन्या महाविद्यालय में एमए अर्थशास्त्र व एमकॉम, लखनऊ क्रिश्चियन डिग्री कॉलेज में बीपीएड रेगुलर फिजिकल एजुकेशन, बीएसएनवीपीजी कॉलेज में एमए हिन्दी, राजनीति विज्ञान, समाजशास्त्र, एमएससी भूगर्भ विज्ञान, रसायन विज्ञान, जूलॉजी, गणित, भौतिक विज्ञान व एमकॉम कॉमर्स में प्रवेश का मौका मिलेगा।

इसी तरह कालीचरण पीजी कॉलेज में एमए समाजशास्त्र, हिन्दी, राजनीति विज्ञान, शिक्षाशास्त्र, एमकॉम कॉमर्स व अप्लाइड, खुन खुन जी गर्ल्स डिग्री कॉलेज में एमए शिक्षाशास्त्र, समाजशास्त्र, हिन्दी व राजनीति विज्ञान, एपी सेन मेमोरियल गर्ल्स कॉलेज में एमए हिन्दी व समाजशास्त्र, करामत हुसैन मुस्लिम गर्ल्स पीजी कॉलेज में एमए अंग्रेजी और अवध गर्ल्स डिग्री कॉलेज में एमए सेल्फ फाइनेंस अंग्रेजी, राजनीति विज्ञान, भूगोल व शिक्षाशास्त्र कोर्स में एडमिशन का अवसर प्राप्त होगा।

विधान परिषद सभापति तक पहुंचा फीस बढ़ोतरी का मामला

लखनऊ विश्वविद्यालय में शैक्षिक सत्र 2026-27 से स्नातक स्तर के स्ववित्तपोषित पाठ्यक्रमों में फीस बढ़ोतरी का प्रकरण एनएसयूआई से जुड़े कार्यकर्ताओं ने विधान परिषद के सभापति तक पहुंचा दिया है। छात्र नेता प्रिंस प्रकाश और विशाल सिंह ने बुधवार को विधान परिषद सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह से मुलाकात कर व्यापक फीस वृद्धि और छात्र नेताओं पर मुकदमे व निलंबन से जुड़े मुद्दे पर ज्ञापन सौंपा। साथ ही उनसे हस्तक्षेप की मांग उठाई। इससे पहले छात्र नेताओं के पक्ष में आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह, यूपी कांग्रेस और छात्र संघ के पूर्व पदाधिकारियों ने खुलकर समर्थन देने की बात कही थी। कई विधायकों और एमएलसी ने कुलपति से वार्ता कर छात्रों के संबंध में अपने विचार भी रखे।

बीटेक, बीफार्मा और एमबीए समेत छह पाठ्यक्रमों का परीक्षा कार्यक्रम जारी

लखनऊ विश्वविद्यालय में शैक्षिक सत्र 2026-27 सम सेमेस्टर परीक्षा के तहत स्नातक व परास्नातक स्तर के छह पाठ्यक्रमों का परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। जिसे विद्यार्थी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर परीक्षा सेक्शन में देख सकते हैं। इस संबंध में परीक्षा नियंत्रक की ओर से सूचना जारी कर दी गई है। परीक्षा नियंत्रक विद्यानंद त्रिपाठी ने बताया कि बीटेक व बीफार्मा चतुर्थ, छठे व आठवें सेमेस्टर, बीसीए चतुर्थ व छठे सेमेस्टर, एमबीए फाइनेंस एंड अकाउंटिंग, एमबीए लुम्बा और एमटेक पार्ट टाइम चतुर्थ सेमेस्टर का परीक्षा कार्यक्रम घोषित हुआ है।

एलएलबी के नतीजे जारी

एलयू में विषम सेमेस्टर परीक्षा के तहत एलएलबी तीन वर्षीय और एलएलबी इंटीग्रेटेड प्रथम सेमेस्टर का नतीजा जारी कर दिया गया है। जिसे विद्यार्थी एलयू की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर लॉगिन सेक्शन में उपलब्ध समर्थ स्टूडेंट्स लॉगिन पर जाकर देख सकते हैं।

प्रवक्ता परीक्षा को लेकर सेंटर बदला

परीक्षा नियंत्रक विद्यानंद त्रिपाठी ने बताया कि नौ मई को मुमताज पीजी कॉलेज में उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से प्रवक्ता परीक्षा आयोजित होनी है। जिसे लेकर परीक्षा केंद्र में बदलाव किया गया है। अब नौ मई को प्रात: और सायं पाली की सभी परीक्षाएं मुमताज कॉलेज की बजाय एलयू मुख्य परिसर में पूर्व निर्धारित परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार होगी।

यह भी पढ़ें:
स्वाद में उज्ज्वल भविष्य संभावना आइसक्रीम टेस्टर

संबंधित समाचार