पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर सड़क हादसा : एम्बुलेंस-कार के बीच टक्कर से एक व्यक्ति की मौत, 7 घायल
सुलतानपुर। उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में एम्बुलेंस और फॉर्च्यूनर कार के बीच टक्कर होने पर एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक परिवार के छह सदस्यों समेत सात लोग घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, गाजीपुर से लखनऊ जा रही फॉर्च्यूनर कार की एक एम्बुलेंस से टक्कर हो गई जब एम्बुलेंस पेट्रोल पंप पर ईंधन डलवाने के लिए विपरीत दिशा से आ रही थी।
पुलिस ने बताया कि एम्बुलेंस में सवार भोलू प्रकाश (36) को गंभीर चोट आईं, जिसे कोरल कंपनी की एम्बुलेंस से विरसिंहपुर के सरकारी अस्पताल भेजा गया, हालांकि इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने कहा कि एम्बुलेंस चालक को इलाज के लिए कूरेभार में स्थित सरकारी अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार फॉर्च्यूनर में सवार अजय यादव, प्रतिमा, साक्षी, रीमा, कुमारी सौम्या और ओम घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि इन सभी को दोस्तपुर में स्थित सरकारी अस्पताल भेजा गया है, जहां उनका इलाज किया जा रहा है। पांच अन्य लोगों को सामान्य चोट आई हैं। पुलिस क्षेत्राधिकारी जयसिंहपुर आरके चतुर्वेदी ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
