Moradabad:आयुक्त और डीएम समेत कई अधिकारियों ने भरा स्वगणना प्रपत्र
मुरादाबाद, अमृत विचार। जनगणना के अन्तर्गत गुरुवार से स्वगणना की शुरुआत हुई। मंडलायुक्त, जिलाधिकारी सहित कई अधिकारियों ने भी ऑनलाइन स्वगणना की प्रक्रिया पूरी की। वेवसाइट पर मांगी गई जानकारी को भरकर स्व गणना की प्रक्रिया में हिस्सा लिया। अधिकारियों ने दूसरों को भी प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
मंडलायुक्त आन्जनेय कुमार सिंह ने जनगणना प्रक्रिया में स्वगणना फार्मेट भरकर उसमें मांगी गई जानकारी वेबसाइट पर सबमिट की। वहीं कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी डा. राजेंद्र पैंसिया ने स्वगणना प्रपत्र ऑनलाइन भरा। निर्धारित फार्मेट पर मांगी गई जानकारी के कालम में अपना और परिवार का विवरण भरकर फार्मेट सबमिट किया। उनके अलावा अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ममता मालवीय आदि ने भी स्वगणना माध्यम से आनलाइन विवरण भरा।
वहीं कलेक्ट्रेट में ही बंदोबस्त अधिकारी राजेंद्र राम ने अपने कार्यालय में स्व-गणना में मांगी गई जानकारी का पूरा विवरण क्रमवार भरकर सबमिट किया। अधिकारियों ने अपने अधिष्ठान के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों के अलावा जनसामान्य से भी स्वगणना प्रक्रिया को प्राथमिकता देने की अपील की। जनगणना के लिए अधिकारियों और संबंधित कर्मचारियों को पहले ही प्रशिक्षित किया जा चुका है।
जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने बताया कि जनगणना के अन्तर्गत स्वगणना प्रक्रिया का प्रथम चरण सात मई से शुरू हो गया है। जो 21 मई तक चलेगा। इस दौरान स्व-गणना के माध्यम से नागरिक स्वयं जनगणना पोर्टल पर जाकर अपने परिवार से संबंधित विवरण भर सकेंगे। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वह लोगों को स्व-गणना के लिए प्रेरित करें, जिससे 22 मई से प्रारंभ होने वाली प्रगणकों द्वारा जनगणना की प्रक्रिया सुगमता, शुद्धता एवं निर्धारित समय में पूरी हो सके।
ऐसे करें स्वगणना प्रक्रिया
स्व-गणना (सेल्फ इन्यूमिरेशन) की सुविधा है। इसमें नागरिक स्वयं अपना और घर का वांछित विवरण भर सकते हैं। इसके लिए वेबसाइट https://se.census.gov.in के लिंक पर जाकर अपनी जानकारी खुद दर्ज कर सकते हैं।
स्व-गणना प्रक्रिया के लिए आधिकारिक वेबसाइट https://se.census.gov.in पर जाएं
: स्व-गणना का विकल्प चुनें।
: मोबाइल नंबर और आधार के साथ रजिस्टर करें
: परिवार और मकान का ब्योरा भरें
: फॉर्म जमा करने के बाद जनरेट संदर्भ आईडी को सुरक्षित रखें
यह देनी होगी जानकारी
: स्वगणना के दौरान राज्य, परिवार के मुखिया का विवरण और मोबाइल नंबर दर्ज कर ओटीपी से सत्यापन करें
: 31 प्रश्नों (आवास, सुविधा, परिवार विवरण) का फॉर्म ऑनलाइन भरें और अंत में स्वगणना आईडी सुरक्षित रख लें। जिसे बाद में आने वाले जनगणना कर्मचारी को दिखाना होगा।
जानकारी का विवरण
: परिवार की कुल संख्या, मकान के प्रकार, शौचालय, पीने का पानी, बिजली, इंटरनेट, और संपत्ति (गाड़ी, बाइक आदि) से संबंधित जानकारी भरें।
: जानकारी सबमिट करने के बाद एक विशिष्ट स्व-गणना आईडी मिलेगी। इसे सुरक्षित रखें।
: जब प्रगणक घर आएं, तो उन्हें यह आईडी और मोबाइल नंबर बताएं।
