Bareilly : : नीलम को सेल्यूट, दिव्यांगता पर भारी बिटिया का हौसला

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

बरेली, अमृत विचार। अगर हौसले बुलंद हों तो असंभव भी संभव नजर आने लगता है। मजबूत इरादे इंसान को हर चुनौती से लड़ने की ताकत देते हैं। कुछ ऐसा ही जज्बा बरेली कॉलेज में बीएससी छठें सेमेस्टर की परीक्षा दे रही दिव्यांग छात्रा नीलम मौर्य में देखने को मिला। शारीरिक चुनौतियों के बावजूद नीलम ने हार नहीं मानी और हाथों की मदद से परीक्षा लिखकर सभी को प्रेरित कर दिया।

परीक्षा केंद्र में नीलम मौर्य पूरी तैयारी और आत्मविश्वास के साथ परीक्षा देने पहुंची। सामान्य विद्यार्थियों की तरह उन्होंने अपनी सीट पर बैठकर उत्तर पुस्तिका में उत्तर लिखे। परीक्षा कक्ष में मौजूद शिक्षक और छात्र नीलम के संघर्ष और हौसले को देखकर भावुक हो उठे। हर कोई उनके जज्बे की सराहना करता नजर आया। नीलम का कहना है कि जिंदगी में कठिनाइयां जरूर आती हैं। लेकिन अगर मन में कुछ कर गुजरने की इच्छा हो तो कोई भी बाधा रास्ता नहीं रोक सकती। उन्होंने अपनी मेहनत और आत्मविश्वास के दम पर यह साबित कर दिया कि शारीरिक कमजोरी सफलता के रास्ते में रुकावट नहीं बन सकती। बरेली कॉलेज में नीलम मौर्य का यह संघर्ष अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बन गया। उनका बुलंद हौसला यह संदेश देता है कि मजबूत इरादों के आगे मुश्किलें भी घुटने टेक देती हैं।

संबंधित समाचार