दर्दनाक हादसा : 30 रुपये के सफर ने छीनी चार जिंदगियां
मौत बनकर दौड़ा ओवरलोड सीएनजी ऑटो
खमरिया, अमृत विचार। महज 30 रुपये किराये का लालच गुरुवार शाम ऐरा पुल पर चार परिवारों की जिंदगी पर भारी पड़ गया। कम किराए में सफर कराने की होड़, क्षमता से अधिक सवारियां और तेज रफ्तार ने ऐसा दर्दनाक मंजर पैदा किया कि चीख-पुकार से लोग दहल उठे। भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पुल पर अफरा-तफरी और मातम का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक खमरिया से लखीमपुर के बीच चलने वाले कई सीएनजी ऑटो चालक महज 30 रुपये में यात्रियों को बैठाते हैं। कम किराए के कारण लोग मजबूरी और सुविधा के चलते इन ऑटो में सफर करते हैं, लेकिन चालक अधिक कमाई के लालच में क्षमता से कहीं ज्यादा सवारियां भर लेते हैं। गुरुवार शाम हादसे का शिकार हुआ ऑटो भी यात्रियों से ठसाठस भरा था। बताते हैं कि उसमें करीब 18 यात्री सवार थे। ऐरा पुल पर ऑटो चालक तेज रफ्तार में आगे चल रहे वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और कई यात्री सड़क पर जा गिरे। हादसे के बाद हाईवे पर दोनों तरफ कई किलोमीटर लंबी वाहनों की लाइन लग गई। पुलिस ने ऑटो को किनारे कराने और घायलों को अस्पताल भेजने के बाद हाईवे खुलवाया। तब जाकर करीब एक घटे बाद आवागमन शुरू हो सका।
पुल पर गूंजती रहीं चीखें, मदद को दौड़े लोग
हादसे के बाद पुल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोग और राहगीर तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े। किसी ने घायलों को संभाला तो किसी ने एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नकहा पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में कई घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं चार लोगों की मौत से अस्पताल से लेकर घटनास्थल तक कोहराम मच गया। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
नियमों की अनदेखी बन रही जानलेवा
स्थानीय लोगों का कहना है कि खमरिया-लखीमपुर मार्ग पर लंबे समय से ओवरलोड सीएनजी ऑटो धड़ल्ले से दौड़ रहे हैं। न तो इनकी नियमित जांच होती है और न ही क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने पर कोई प्रभावी कार्रवाई की जाती है। कई बार शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार विभाग गंभीर नहीं हुआ, जिसका नतीजा गुरुवार को दर्दनाक हादसे के रूप में सामने आया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों ने प्रशासन से ओवरलोड ऑटो संचालन पर तत्काल रोक लगाने, नियमित चेकिंग अभियान चलाने और नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।
समय-समय पर अभियान चलाकर वाहनों की चेकिंग की जाती है। निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां मिलने, ओवरलोड, कागजों के पूरे न होने पर चालान और सीज करने की भी कार्रवाई की जाती है। जल्द ही पीलीभीत-बस्ती हाईवे पर बड़े स्तर पर चेकिंग अभियान चलाकर ऐसे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। -शांति भूषण पांडेय, एआरटीओ।
हादसे में घायलों के नाम
ट्रक और ऑटो के बीच हुई भिड़ंत में घायल होने वालों में ऐश्वर्य अवस्थी पुत्र विजय कुमार निवासी मोहल्ला ईदगाह लखीमपुर खीरी, शर्मा देवी पत्नी रामलखन सिंह निवासी ओयल, अख्तर अली पुत्र छोटे निवासी कोड़री थाना तंबौर सीतापुर और छोटू पुत्र मैनूद्दीन शामिल हैं। सभी का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
