Moradabaad : राष्ट्रीय लोक अदालत आज, दो लाख मामलों के निस्तारण की तैयारी

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

ओडीओपी, ओडीओसी और जेल बंदियों के उत्पादों के स्टॉल भी होंगे आकर्षण का केंद्र

मुरादाबाद, अमृत विचार। जनपद में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। राष्ट्रीय लोक अदालत का शुभारंभ जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष सै. माऊज बिन आसिम द्वारा सुबह 10 बजे जिला न्यायालय परिसर स्थित न्याय भवन से किया जाएगा।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव तपस्या त्रिपाठी ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में जनपद भर के करीब दो लाख 20 हजार 632 मामलों के निस्तारण का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए सभी विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। लोक अदालत में शमनीय वाद, स्टांप वाद, राजस्व वाद, बैंक रिकवरी मामले, भूमि अधिग्रहण, उपभोक्ता फोरम, वैवाहिक एवं पारिवारिक विवाद, टैक्स संबंधी मामले, बिजली चोरी, चेक बाउंस, चालान, श्रम वाद, जलकर वाद तथा प्री-लिटिगेशन मामलों का सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इस बार राष्ट्रीय लोक अदालत में एक जनपद-एक उत्पाद और एक जनपद-एक व्यंजन के साथ-साथ कारागार में निरुद्ध बंदियों द्वारा तैयार उत्पादों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे। कार्यक्रम स्थल पर मेडिकल कैंप का आयोजन भी किया जाएगा, जहां आमजन स्वास्थ्य परीक्षण करा सकेंगे। लोक अदालत के माध्यम से तहसील स्तर से लेकर सर्वोच्च न्यायालय तक लंबित मामलों का निस्तारण कराया जा सकता है। इसमें किसी प्रकार का शुल्क नहीं देना पड़ता और आपसी समझौते के आधार पर त्वरित समाधान होने से पक्षकारों को लंबे कानूनी विवादों से राहत मिलती है।

संबंधित समाचार