न्यूजीलैंड से मिलकर यूपी बढ़ाएगा शहद का कारोबार, आधुनिक तकनीक और वैश्विक बाजार से जुड़ेगा मधुमक्खी पालन क्षेत्र

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार: प्रदेश में शहद उत्पादन और मधुमक्खी पालन को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने के लिए प्रयास तेज हो चुके हैं। शुक्रवार को न्यूजीलैंड के पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह से भेंट कर कृषि एवं शहद उत्पादन क्षेत्र में सहयोग को लेकर विस्तृत चर्चा की।

न्यूजीलैंड का यह प्रतिनिधिमंडल, एपीडा और न्यूजीलैंड के सहयोग से संचालित 'हनी एक्शन प्लान' के तहत प्रदेश भ्रमण पर आया है। प्रतिनिधिमंडल ने रायबरेली के शिवगढ़ स्थित निर्माणाधीन 'सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर हनी' तथा बाराबंकी में शहद निर्यातक निर्मित सिंह 'मधुमक्खीवाला' की इकाई का दौरा कर प्रदेश में शहद उत्पादन और प्रसंस्करण की संभावनाओं का जायजा लिया।

उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को शहद उत्पादन, प्रसंस्करण और निर्यात को बढ़ावा देने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय सहयोग और नई तकनीक के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शहद उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

बैठक के बाद उद्यान मंत्री ने निर्देश दिए कि रायबरेली में निर्माणाधीन सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर हनी के कार्य को शीघ्र पूर्ण कर उसे जल्द संचालित किया जाए। साथ ही बाराबंकी के प्रगतिशील मधुमक्खी पालक निमित्त सिंह ‘मधुमक्खीवाला’ को 2 जून से 14 जून तक न्यूजीलैंड भेजकर आधुनिक तकनीकों एवं वैज्ञानिक मधुमक्खी पालन का प्रशिक्षण दिलाने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने बताया कि प्रदेश में मधुमक्खी पालन को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ते हुए किसानों और उद्यमियों की आय बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन हुआ

प्रतिनिधिमंडल में ईशान जयवर्धन, बायरन पीटर टेलर, मेलानी फिलिप्स, प्रियम अरोरा तथा सुदेशना रे शामिल रहीं। प्रतिनिधिमंडल की ओर से पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन दिया गया। बैठक में अपर मुख्य सचिव उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग बीएल मीणा, निदेशक बीपी राम, शहद निर्यातक निर्मित सिंह ‘मधुमक्खीवाला’, एपीडा के अधिकारी और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें :  
बेमौसम बारिश से कांप उठा यूपी: मई के पहले हफ्ते में सामान्य से 730% ज्यादा बारिश, जानें अगले 7 दिनों तक कैसा रहेगा मौसम

संबंधित समाचार