बाराबंकी : महाराणा प्रताप जयंती पर भाजपा का शक्ति प्रदर्शन, पंकज सिंह बोले- देश में चलेगा सिर्फ केसरिया

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

बाराबंकी, अमृत विचार। मेवाड़ के अमर शूरवीर, वीरता, स्वाभिमान और त्याग के प्रतीक महाराणा प्रताप की जयंती के अवसर पर शनिवार को शहर के होटल रॉयल रिलाइट में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं नोएडा विधायक पंकज सिंह रहे, जबकि अध्यक्षता राज्य मंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने की। कार्यक्रम का आयोजन पूर्व एमएलसी हरगोविंद सिंह द्वारा किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, समाजसेवी और विभिन्न संगठनों के लोग मौजूद रहे।

मंच से वक्ताओं ने महाराणा प्रताप के जीवन, उनके त्याग, शौर्य और राष्ट्रभक्ति को याद करते हुए युवाओं से उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। मुख्य अतिथि पंकज सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप ने देश और सनातन धर्म की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व समर्पित कर दिया, लेकिन कभी किसी के सामने सिर नहीं झुकाया। यही कारण है कि आज भी देश का युवा उन्हें अपना आदर्श मानता है।

उन्होंने कहा कि कुछ सरकारों ने इतिहास को तोड़-मरोड़ कर प्रस्तुत किया और देश के महापुरुषों के योगदान को दबाने का प्रयास किया, लेकिन सच्चाई कभी छिप नहीं सकती। भाजपा सरकार ने महापुरुषों के सही इतिहास और योगदान को समाज के सामने लाने का काम किया है। उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग अकबर, बाबर और औरंगजेब की बात करते हैं, लेकिन देश का नौजवान महाराणा प्रताप जैसे महापुरुषों को अपना हीरो मानता है।

उन्होंने कहा कि हम सभी को साथ लेकर चलना चाहते हैं, लेकिन इस देश में रहकर अगर कोई दूसरे देश की जिंदाबाद करेगा तो उसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का भी यही स्पष्ट संदेश है। पंकज सिंह ने कहा कि समाज में पूजा उस व्यक्ति की होती है जिसने त्याग और समर्पण किया हो, केवल लंबे समय तक राज करने वालों की नहीं।

उन्होंने कहा कि भारत वर्ष 2047 तक विश्व नेतृत्व की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि नई चीजों को स्वीकार करेंगे, लेकिन हमारा मार्गदर्शन भगवा और सनातन धर्म ही करेगा। उन्होंने भाजपा की बढ़ती लोकप्रियता का जिक्र करते हुए कहा कि अब देश में न हाथ, न हाथी, न साइकिल और न सरिया चलेगा, देश में सिर्फ और सिर्फ केसरिया चलेगा।

राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन हमें सिखाता है कि स्वाभिमान से बड़ा कोई धन नहीं और मातृभूमि से बड़ा कोई धर्म नहीं होता। उन्होंने नेपाल, म्यांमार, श्रीलंका और बांग्लादेश का उदाहरण देते हुए कहा कि कुछ ताकतें भारत को भी अस्थिर करने की साजिश रच रही हैं। ऐसे में सनातन और हिंदुत्व के विरोध में काम करने वाली शक्तियों के खिलाफ सभी को एकजुट होकर लड़ना होगा। कार्यक्रम के आयोजक एवं पूर्व एमएलसी हरगोविंद सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप ने सनातन धर्म, देश के सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप हमें सिखाते हैं कि व्यक्तिगत स्वार्थ के लिए कभी राष्ट्रहित से समझौता नहीं करना चाहिए।

cats

यूपी में भाजपा की फिर होगी बड़ी जीत

पश्चिम बंगाल की राजनीति पर बोलते हुए पंकज सिंह ने कहा कि वहां की जनता लंबे समय से विकास चाहती थी। भाजपा ने पहली बार वहां सरकार बनाई और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुभेंदु अधिकारी बेहतर सरकार चलाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा 365 दिन और 24 घंटे काम करने वाली पार्टी है तथा 2027 में उत्तर प्रदेश में भाजपा पहले से भी बड़ी जीत दर्ज करेगी।

पार्टी नेतृत्व करेगा फैसला

रामनगर विधानसभा सीट से वर्ष 2027 के चुनाव में टिकट की दावेदारी के सवाल पर हरगोविंद सिंह ने कहा कि पार्टी ने उन्हें क्षेत्र में काम करने की जिम्मेदारी दी है और टिकट देने का फैसला पार्टी नेतृत्व करेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यदि भाजपा उन्हें उम्मीदवार बनाती है तो पार्टी 25 हजार से अधिक मतों से जीत हासिल करेगी और समाजवादी पार्टी का विधायक दूर-दूर तक नजर नहीं आएगा।

सिद्धू परिवार से मिले पंकज सिंह

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं नोएडा विधायक पंकज सिंह ने उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के जिला अध्यक्ष जयदीप सिंह सिद्धू एवं जिला मंत्री भाजपा गुरदीप सिंह सिद्धू के आवास पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की और कुशलक्षेम जानी।

इस दौरान खाद्य एवं रसद राज्यमंत्री सतीश शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष एवं व्यापार संगठन संरक्षक संतोष सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष भुल्लन वर्मा, एमएलसी अंगद सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत, उद्योग व्यापार संगठन के जिला महामंत्री भूपेंद्र शुक्ला सहित मन्नू, अतुल, मुकेश व संगठन के कई पदाधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने संगठनात्मक गतिविधियों एवं क्षेत्रीय मुद्दों पर भी चर्चा की। उन्होंने संगठन को और मजबूत बनाने व कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बढ़ाने पर जोर दिया। 

इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत, एमएलसी अंगद सिंह, एससीएसटी आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत व रॉयल रिलाइट ग्रुप के डायरेक्टर विपुल सिंह, मनोज सिंह, अवधेश सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष अवधेश श्रीवास्तव व एक्टर शरद राज सिंह समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, समाजसेवी और विभिन्न संगठनों के लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के बाद प्रसिद्ध कवि गजेंद्र प्रियांशु के नेतृत्व में कवि सम्मेलन आयोजित किया गया।

संबंधित समाचार