UP:गर्रा नदी में डूबकर पांचवीं के छात्र की मौत, परिवार में मचा कोहराम

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

सेहरामऊ दक्षिणी, अमृत विचार। गांव नागर पाल निवासी चार बच्चे रविवार को गर्रा नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान एक बच्चा गहरे पानी में पहुंचकर डूब गया। सूचना मिलते ही परिजन और पुलिस मौके पर पहुंच गई। पड़ोसी गांवों से आए गोताखोरों ने कई घंटे की मशक्कत के बाद बालक के शव को नदी से बाहर निकाल लिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

गांव निवासी वीरपाल कश्यप का 12 वर्षीय पुत्र रोहित कुमार गांव के सरकारी स्कूल में कक्षा पांच का छात्र था। रविवार को स्कूल की छुट्टी होने के बाद वह दिन में करीब तीन बजे चांदापुर के पास से निकली गर्रा नदी में नहाने के लिए अन्य बच्चों के साथ गया था। उसके साथ बड़ा भाई राजा, रमन और दीपक भी थे। नहाते समय रोहित गहरे पानी में पहुंच गया और डूबने लगा। बड़े भाई ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह सफल नहीं हो सका।

ग्रामीणों ने बताया कि गर्रा नदी से भारी मात्रा में रेता निकाला गया है, जिसके कारण नदी में करीब 40 फुट गहरा पानी हो गया है। घटना की जानकारी मिलते ही मां रेखा देवी समेत परिजन मौके पर पहुंच गए। इसके बाद पड़ोसी गांव भरगमा निवासी श्याम बाबू, सुशील कुमार, छोटू, हरीराम तथा गांव मियांपुर गौंटिया निवासी पट्टे और पवन कुमार ने गोता लगाकर बच्चे की तलाश शुरू की।करीब शाम 6:07 बजे गोताखोरों ने रोहित कुमार के शव को नदी से बाहर निकालकर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया है।

संबंधित समाचार