रामपुर: चोरों ने दो दिनों में सरकारी स्कूल व पंचायत भवन पर बोला धावा, सामान चोरी

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

रामपुर, अमृत विचार। शुक्रवार और शनिवार रात चोरों ने दो सरकारी स्कूलों और उनसे सटे पंचायत भवनों को निशाना बनाते हुए हजारों की कीमत का सामान चोरी कर लिया। स्कूलों से एलईडी टीवी, सिलेंडर व पंचायत भवन में इनवर्टर-बैटरी व डीवीआर चोरी हुआ है। इससे पहले भी जिले में ऐसी वारदात सामने आई हैं, रामपुर पुलिस ने हाल में सरकारी भवनों में चोर गिरोह का खुलासा करते हुए चार को जेल भेजा था।

विकास खंड चमरौआ स्थित प्राथमिक विद्यालय पट्टी कल्याणपुर और विद्यालय से सटे पंचायत भवन में शुक्रवार देर रात अज्ञात चोरों ने धावा बोल दिया। ताले तोड़कर व खिड़की के सरिए काटकर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया। चोर विद्यालय से एलईडी टीवी, गैस सिलेंडर एवं विद्यालय में उपयोग होने वाले बर्तन चोरी कर ले गए। जबकि पंचायत भवन से इनवर्टर, दो बैटरी और डीवीआर चोरी कर लिया गया। सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए। चोरों ने विद्यालय में नुकसान भी किया। सुबह में जब स्टाफ स्कूल और पंचायत भवन पहुंचा तो मामला सामने आया। घटना की जानकारी मिलते ही विद्यालय प्रशासन ने थाना शहजादनगर थाना पुलिस को सूचना दी और मामले में तहरीर दी गई। 

थाना पुलिस ने मौके पर पहुचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस टीम द्वारा आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ-साथ अन्य आवश्यक साक्ष्य भी जुटाए गए। वहीं दूसरा मामला प्राथमिक विद्यालय मेहंदी नगर शुमाली का है। प्रधानाध्यापक नीमा बलोनी ने बताया कि शनिवार देर रात दीवार में अज्ञात लोगों ने कूमल कर इनवर्टर दो बैटरी, एक एलईडी टीवी, स्कूल में रखी किताबें और रजिस्टर चोरी कर लिया। विद्यालय में टाइलीकरण का कार्य चल रहा है, जिसमे दो मशीन कटर, एक ग्लेन्डर व टाइल 50 पेटी और केपल भी चोरी हुआ है। अजीमनगर थाना प्रभारी कर्म सिंह पाल ने बताया कि मामले की जांच चल रही है, मामले में लोगों से पूछताछ चल रही है। सरकारी स्कूलों पर गश्त बढ़ा दिया है, मामले में जल्द खुलासा किया जाएगा।

संबंधित समाचार