आईपीएल 2026 : चेन्नई ने लगाई जीत की हैट्रिक, लखनऊ को 5 विकेट से रौंदा
चेन्नई। जेमी ओवर्टन (तीन विकेट) के बाद उर्विल पेटल (65) और कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ (42) के शानदार प्रदर्शन की बदौलत चेन्नई सुपर किंग्स ने रविवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 53वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स को पांच विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ ही चेन्नई सुपर किंग्स अंक तालिका में पांचवें स्थान पर पहुंच गई है।
नाजुक समय में शिवम दुबे और प्रशांत वीर ने छठे विकेट के लिए 39 रनों की अविजित साझेदारी कर अपनी टीम को पांच विकेट से जीत दिला दी। 204 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स के लिए संजू सैमसन और ऋतुराज गायकवाड़ की जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 45 रन जोड़े। चौथे ओवर में दिग्वेश राठी ने संजू सैमसन 14 गेंदों में (28) रन को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा।
सैमसन ने अपनी पारी में तीन चौके और दो छक्के लगाये। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये उर्विल पटेल ने ऋतुराज गायकवाड़ के साथ पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच दूसरे विकेट लिये 81 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी हुई। 10वें ओवर में शाहबाज अहमद ने उर्विल पटेल को आउट कर लखनऊ सुपर जायंट्स को दूसरी सफलता दिलाई।
पटेल ने 23 गेंदों में दो चौके और आठ छक्के उड़ाते हुए 65 रनों की पारी खेली। 13वें ओवर में शाहबाज अहमद ने ऋतुराज गायकवाड़ को बोल्ड कर अपनी टीम की मैच में वापसी का प्रयास किया। ऋतुराज गायकवाड़ ने 28 गेंदों में तीन चौके और दो छक्के लगाते हुए 42 रन बनाये। कार्तिक शर्मा (20) रन बनाकर पांचवें विकेट के रूप में आउट हुये।
चेन्नई सुपर किंग्स ने 19.2 ओवरों में पांच विकेट पर 208 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। शिवम दुबे ने सात गेंदों में दो छक्के लगाते हुए नाबाद 15 रन बनाये। वहीं प्रशांत वीर ने 12 गेंदों में दो छक्को की मदद से नाबाद 17 रन बनाये। लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए दिग्वेश राठी और शाहबाज अहमद ने दो-दो विकेट लिये।
आवेश खान को एक विकेट मिला। इससे पहले आज यहां जॉश इंग्लिस (85) और शाहबाज अहमद (नाबाद 43) की विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर लखनऊ सुपर जायंट्स ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ आठ विकेट पर 203 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। चेन्नई सुपर किंग्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए जॉश इंग्लिस ने पावर प्ले में आतिशी बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए महज 5.1 ओवर में टीम का स्कोर 77 रन पहुंचा दिया। अंशुल कम्बोज ने इंग्लिस के जोड़ीदार मिचेल मार्श को आउट कर चेन्नई की मैच में वापसी कराई। इसके बाद निकोलस पूरन (एक) को नूर अहमद ने आउट कर पवेलियन भेज दिया।
इस दौरान जोस इंग्लिस ने आतिशी बल्लेबाजी करते हुए महज 17 गेंद में छह चौके और चार छक्के की मदद से अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। यह आईपीएल के इतिहास में लखनऊ के लिए किसी भी बल्लेबाज द्वारा जड़ा तीसरा सबसे तेज अर्धशतक है। निकोलस पूरन दो बार, आसीबी के खिलाफ 15 गेंदों में और मुम्बई इंडियंस के खिलाफ 16 गेंदों अर्धशतक बनाने का कारनामा कर चुके है।
10वें ओवर में जेमी ओवर्टन ने जॉश इंग्लिस को आउटकर लखनऊ के बड़े स्कोर बनाने की उम्मीद को ध्वस्त कर दिया। इसी ओवर की चौथी गेंद पर उन्होंने कप्तान ऋषभ पंत (15) का भी शिकार कर लिया। जॉश इंग्लिस ने 33 गेंदों में 10 चौके और छह छक्के लगाते हुए 85 रनों की पारी खेली। एडन मारक्रम (एक) और अक्षत रघुवंशी (18) रन बनाकर आउट हुये।
इसके बाद हिम्मत सिंह और शाहबाज अहमद ने पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच 50 रनों की साझेदारी हुई। पारी के आखिरी ओवर में अंशुल कम्बोज ने हिम्मत सिंह (17) रन को बोल्ड कर इस साझेदारी को तोड़ा। अगली ही गेंद पर मोहम्मद शमी (शून्य) पर रनआउट हुये।
शाहबाज अहमद ने पारी की आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर अपनी टीम के स्कोर को 203 रन पहुंचा दिया। शाहबाज अहमद ने 25 गेंदों में तीन चौके और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 43 रन बनाये। चेन्नई सुपर किंग्स के लिए जेमी ओवर्टन ने तीन विकेट लिये। अंशुल कम्बोज को दो विकेट मिले। नूर अहमद ने एक बल्लेबाज को आउट किया।
