भाजपा विधायक पंकज सिंह ने विपक्ष के हमलों पर तीखा किया पलटवार, कहा- केवल अपने निजी हितों के लिए साथ आता है विपक्ष

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

प्रयागराज। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बेटे और उत्तर प्रदेश की नोएडा विधानसभा सीट से भाजपा विधायक पंकज सिंह ने रविवार को प्रयागराज में विपक्ष के हमलों पर तीखा पलटवार किया है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा है कि जनता अब नकारात्मक राजनीति को नकार चुकी है और विकास के साथ चल रही है।

पश्चिम बंगाल में जीत के बाद विपक्ष बौखलाया हुआ है। उन्हें अपनी विचारधारा और अपने कामों पर पुनर्विचार करना चाहिए। देश की जनता हर राज्य से विपक्ष को नकार रही है और भाजपा को अपना रही है। पंकज सिंह ने कहा कि पूरा देश अब 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प के साथ जुड़ना चाहता है। 

उन्होंने महिलाओं के बढ़ते समर्थन पर बोलते हुए कहा कि चाहे उत्तर प्रदेश हो या बंगाल, महिलाओं ने भाजपा के पक्ष में जमकर वोट किया है। 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' को लेकर भी उन्होंने विपक्ष की घेराबंदी की प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की मुलाकात पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष केवल अपने निजी हितों के लिए साथ आता है, जबकि भाजपाराष्ट्रहित को सर्वोपरि मानती है।

उन्होंने विपक्ष द्वारा चुनाव आयोग और जांच एजेंसियों पर उठाए गए सवालों को हार की हताशा बताया। भाजपा का साफ कहना है कि विपक्ष अपनी हार को पचा नहीं पा रहा है और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाना उनकी पुरानी आदत बन चुकी है। उत्तर प्रदेश की राजनीति में इन दिनों वार-पलटवार का दौर तेज़ है। 

उन्होंने कैबिनेट विस्तार और समाजवादी पार्टी की बयानबाज़ी को लेकर तीखा हमला बोला है। पंकज सिंह का कहना है कि समाजवादी पार्टी अब अस्तित्व के संकट से गुज़र रही है और उनके बयानों में सिर्फ 'भय' साफ़ नज़र आता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार है कि वह किसे मंत्री बनाते हैं, लेकिन सपा इस पर भी कटाक्ष कर रही है। यह उनकी घबराहट को दर्शाता है। 

उन्होंने दावा किया कि सपा जिस 'प्लैंक' पर राजनीति करती थी, वह अब उनके हाथ से निकल चुका है और धीरे-धीरे पार्टी का अस्तित्व समाप्त हो रहा है भाजपा 24 घंटे और 365 दिन जनता के बीच काम करने वाली पार्टी है, जो हर चुनाव और चुनौती के लिए हमेशा तैयार रहती है। उत्तर प्रदेश में एक्सप्रेस-वे, एयरपोर्ट्स और सुधरती कानून व्यवस्था का जिक्र करते हुए उन्होंने विपक्ष को विकास की हकीकत स्वीकार करने की सलाह दी।

पंकज सिंह आज प्रयागराज में पूर्व सांसद रीता बहुगुणा जोशी के पति पी. एन. जोशी के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचे थे। उन्होंने साफ़ कर दिया है कि उत्तर प्रदेश अब एक मज़बूत अर्थव्यवस्था की ओर बढ़ रहा है और जनता भाजपा के विकास कार्यों के साथ खड़ी है। ऐसे में विपक्ष के पास अब सिवाय जनता को गुमराह करने के कोई दूसरा विकल्प नहीं बचा है।

संबंधित समाचार