Table Tennis : ऑल इंडिया पुलिस क्लस्टर में यूपी पुलिस का जलवा, टेबल टेनिस में डबल खिताब, बैडमिंटन टीमों ने भी दिखाई ताकत

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार: ऑल इंडिया पुलिस बैडमिंटन क्लस्टर प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश पुलिस ने पुरुष और महिला दोनों वर्गों में टेबल टेनिस के खिताब पर कब्जा जमाया। बैडमिंटन में पुरुष और महिला टीमों ने प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह भी पक्की कर ली। केडी सिंह बाबू स्टेडियम के टेबल टेनिस कॉम्प्लेक्स में खेले गए पुरुष वर्ग के फाइनल में यूपी पुलिस ने मिजोरम को 3-0 से पराजित किया। 

युगल में सुब्रत राज और अरविंद चौधरी की जोड़ी ने एच लाल पुनिया और अल्बर्ट एलसी को 11-3, 12-10, 11-5 से शिकस्त दी। राहुल चौधरी ने कड़े मुकाबले में आर लालसांगजुआला को हराया, जबकि अरविंद चौधरी ने अल्बर्ट एलसी को मात देकर यूपी को चैंपियन बनाया। महिला वर्ग के फाइनल में यूपी पुलिस ने मणिपुर को 3-1 से पराजित किया। सृष्टि जायसवाल और गुनगुन साहू की जोड़ी ने युगल मुकाबला जीतकर टीम को बढ़त दिलाई।

प्रियंका अरोड़ा को एकल मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा, लेकिन गुनगुन साहू और सृष्टि जायसवाल ने अपने-अपने एकल मैच जीतकर यूपी को खिताब दिला दिया। उधर, यूपी बैडमिंटन अकादमी में चल रही बैडमिंटन प्रतियोगिता में भी मेजबान टीमों का शानदार प्रदर्शन जारी है। पुरुष टीम ने पहले दिल्ली को 2-0 और फिर असम राइफल्स को 2-1 से हराकर अंतिम-16 में प्रवेश किया। वहीं महिला टीम ने मणिपुर और सीआईएसएफ को 2-0 से हराकर प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह सुनिश्चित कर ली।

ये भी पढ़ें :  
World Squash Championship: वर्ल्ड नंबर-1 मुस्तफा असल से हारे वीर चोटरानी, विश्व चैंपियनशिप में भारतीय उम्मीद हुई खत्म  

संबंधित समाचार