PGT Exam : नकलविहीन और पारदर्शी हो परीक्षा, मुख्य सचिव एसपी गोयल ने समीक्षा बैठक में दिए निर्देश
17 जिलों में 319 केंद्रों पर दो पालियों में होगी परीक्षा
लखनऊ, अमृत विचार। मुख्य सचिव एस.पी. गोयल ने पीजीटी (पोस्ट ग्रेजुएट टीचर) लिखित परीक्षा-2022 की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी जिलाधिकारियों को परीक्षा नकलविहीन, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से कराने के सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और पूर्व की कमियों को दोहराने की अनुमति नहीं होगी।
उप्र. शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित यह परीक्षा 9 और 10 मई को प्रदेश के 17 जिलों आगरा, अलीगढ़, अयोध्या, आजमगढ़, बांदा, बरेली, बस्ती, गोरखपुर, झांसी, कानपुर नगर, लखनऊ, मेरठ, मिर्जापुर, मुरादाबाद, प्रयागराज, सहारनपुर और वाराणसी में कराई जाएगी। परीक्षा दो पालियों में होगी: सुबह 9:30 से 11:30 बजे और दोपहर 2:30 से 4:30 बजे तक। कुल 319 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
मुख्य सचिव ने नोडल अधिकारी, सेक्टर व स्टैटिक मजिस्ट्रेट की समय से तैनाती, सभी कार्मिकों के प्रशिक्षण, कंट्रोल रूम की स्थापना और सीसीटीवी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। परीक्षा केंद्रों पर बिजली, पेयजल, साफ शौचालय, छात्राओं के लिए अलग व्यवस्था और पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा।
उन्होंने कहा कि प्रश्नपत्रों की पैकिंग-सीलिंग एसओपी के तहत हो, स्ट्रांग रूम में कड़ी निगरानी रहे और परीक्षा कक्ष में मोबाइल फोन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। गर्मी को देखते हुए चिकित्सा व यातायात प्रबंधन की भी समुचित व्यवस्था के निर्देश दिए गए हैं।
