Moradabad:लापता मासूम का शव निर्माणाधीन इमारत के टैंक में मिला

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। कांठ रोड स्थित पीएस ग्रीन ऑर्चिड के पास निर्माणाधीन इमारत के गटर टैंक में सात वर्षीय बच्चे का शव मिलने से सनसनी फैल गई। बच्चा चार मई से लापता था, जिसकी गुमशुदगी सिविल लाइंस कोतवाली में दर्ज कराई गई थी। शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

बिहार के अररिया जिले के रहने वाले हसीब पिछले दो वर्षों से कांठ रोड क्षेत्र में मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं। परिवार में पत्नी कुरैशा, बेटी हसरती और सात वर्षीय बेटा हसन था। बताया गया कि चार मई को हसन खेलते-खेलते अचानक लापता हो गया था। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लगा तो परिजनों ने पांच मई को सिविल लाइंस कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस और परिजन लगातार बच्चे की तलाश में जुटे हुए थे। 

इसी बीच शनिवार देर रात पीएस ग्रीन आर्चिड के पास निर्माणाधीन इमारत में काम कर रहे मजदूरों को तेज बदबू महसूस हुई। बदबू का स्रोत तलाशते हुए मजदूर गटर टैंक के पास पहुंचे तो उन्होंने पानी में बच्चे का शव उतराता देखा। इसके बाद मजदूरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची सिविल लाइंस पुलिस ने शव को टैंक से बाहर निकलवाया। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कराने वाले दंपत्ती को बुलाकर शव की पहचान कराई। बच्चे के शव की पहचान सात वर्षीय हसन के रूप में होते ही परिवार में कोहराम मच गया। सिविल लाइंस कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक मनीष सक्सेना ने बताया कि बच्चे के संबंध में पहले से गुमशुदगी दर्ज थी। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

संबंधित समाचार