Azamgarh News : आजमगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, माफिया कुन्टू सिंह की 1.5 करोड़ की हवेली कुर्क
आजमगढ़। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में दुर्दांत माफिया और आईआर-36 गैंग के सरगना ध्रुव कुमार सिंह उर्फ कुंटू सिह की हवेली को सोमवार को कुर्क कर लिया गया। पुलिस क्षेत्रधिकारी नगर शुभम तोदी ने बताया कि प्रदेश स्तर के चिन्हित माफिया 78 मुकदमों का आरोपी और गैंग आईआर-36 के लीडर ध्रुव कुमार सिंह उर्फ कुंटू सिंह की हत्या, लूट और रंगदारी के काले साम्राज्य से खड़ी की गई आलीशान 'बड़ी हवेली' को पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने कुर्क कर लिया है। इस हवेली की कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये आंकी गयी है।
उन्होने बताया कि माफिया कुंटू सिंह का गांव का मकान छपरा सुलतानपुर में आपराधिक गतिविधियों का केंद्र था। छपरा सुल्तानपुर स्थित जिस भवन को कुर्क किया गया है, उसे इलाके में "बड़ी हवेली" के नाम से जाना जाता था। जांच में सामने आया कि इस 23 साल पुराने भवन का अवैध धन से भव्य जीर्णोद्धार और पुनर्निर्माण कराया गया था।यह हवेली अपराधियों और गैंग के सदस्यों के जमावड़े का मुख्य ठिकाना थी।
यहीं से रंगदारी की रकम का बंटवारा होता था और बड़ी आपराधिक वारदातों की साजिश रची जाती थी। पुलिस क्षेत्रधिकारी ने बताया कि कुंटू सिंह थाना जीयनपुर का हिस्ट्रीशीटर है और उसके अपराधों की फेहरिस्त बहुत लंबी है। वर्ष 1992 से अब तक माफिया पर हत्या, लूट, अपहरण और रंगदारी जैसे 78 गंभीर मामले दर्ज हैं।
लोक निर्माण विभाग के मूल्यांकन और अभियोजन विभाग की जांच में स्पष्ट हुआ कि इस संपत्ति के निर्माण के लिए माफिया के पास आय का कोई वैध स्रोत नहीं था। थाना जीयनपुर और कोतवाली में पंजीकृत गैंगस्टर मुकदमों के आधार पर प्रशासन ने कुर्की का आदेश पारित किया। तहसीलदार सगड़ी को कुर्क की गई संपत्ति का प्रशासक नियुक्त किया गया है। कुर्की की इस कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल मौजूद रहा।
