ICC Ranking में भारतीय टीम की बादशाहत, वनडे रैंकिंग में शीर्ष स्थान के साथ वर्ल्ड कप 2027 की ओर मजबूत कदम

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

दुबई। भारत ने आईसीसी की पुरुषों की एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय टीम रैंकिंग के नवीनतम सालाना अपडेट के बाद अपना शीर्ष स्थान बरकरार रखा है जबकि मौजूदा विश्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया तीसरे स्थान पर है। सोमवार को जारी बयान में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने कहा, ''नवीनतम सालाना अपडेट के बाद आईसीसी की पुरुषों की एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय टीम रैंकिंग में भारत शीर्ष पर बना हुआ है। वह दूसरे स्थान पर मौजूद न्यूजीलैंड (113 अंक) से महज पांच अंक के मामूली अंतर से आगे है जबकि ऑस्ट्रेलिया (109 अंक) तीसरे स्थान पर बरकरार है और शीर्ष तीन टीम में शामिल है।'' 

भारत को एक रेटिंग अंक का नुकसान हुआ है और उसके खाते में 118 अंक हैं। सालाना रैंकिंग अपडेट में मई 2025 के बाद खेले गए मुकाबलों को पूरा भार (100 प्रतिशत) दिया जाता है जबकि पिछले दो वर्षों के नतीजों को आधा भार (50 प्रतिशत) दिया जाता है। दक्षिण अफ्रीका 102 अंक के साथ पाकिस्तान (98) को पछाड़कर चौथे स्थान पर पहुंच गया है। शीर्ष 10 में बाकी टीम की स्थिति में कोई बदलाव नहीं हुआ है। 

श्रीलंका (96), अफगानिस्तान (93) और इंग्लैंड (89) शीर्ष आठ में शामिल अन्य टीम हैं। बांग्लादेश 84 अंक के साथ नौवें स्थान पर है जबकि वेस्टइंडीज के अब 74 अंक हैं। वेस्टइंडीज पिछले अपडेट में बांग्लादेश से छह अंक से पीछे था लेकिन अब यह अंतर बढ़कर 10 अंक हो गया है। आईसीसी ने कहा, ''इसके दोनों टीम के लिए महत्वपूर्ण परिणाम होंगे क्योंकि वे आईसीसी पुरुषों के क्रिकेट विश्व कप 2027 के लिए सीधे क्वालीफिकेशन हासिल करने की कोशिश कर रही हैं।'' 

आईसीसी ने कहा, ''31 मार्च 2027 तक आईसीसी रैंकिंग में शीर्ष आठ टीम सीधे क्वालीफिकेशन हासिल करेंगी। इनके अलावा मेजबान दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे भी स्वत: क्वालीफाई कर चुके हैं।'' इस संदर्भ में यदि दक्षिण अफ्रीका शीर्ष आठ स्थान में बना रहता है तो नौवां स्थान सीधे विश्व कप का टिकट पाने के लिए महत्वपूर्ण हो जाएगा। आयरलैंड (54) ने जिम्बाब्वे (53) को पीछे छोड़ते हुए 11वां स्थान हासिल कर लिया है जबकि अमेरिका 13वें स्थान पर पहुंच गया है। अमेरिका (46) ने स्कॉटलैंड (44) को पीछे छोड़ा है यूएई को भी फायदा हुआ है और वह कनाडा को पीछे छोड़ते हुए 19वें स्थान पर है जिसके कुल 16 अंक हैं। 

ये भी पढ़ें : 
पाकिस्तान-बांग्लादेश के खिलाफ सीरीज में ये ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी हुए बाहर, युवा क्रिकेटर्स को मिलेगा मौका

संबंधित समाचार