यूपी में खाद की कमी नहीं ....बोले कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, यूरिया की कालाबाजारी पर रासुका के तहत होगी कार्रवाई

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार : खरीफ 2026 सीजन में किसानों को समय से गुणवत्तापूर्ण बीज और उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए प्रदेशभर में व्यापक इंतजाम किए गए हैं। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि किसानों को धान, उड़द, मूंग, तिल और मोटे अनाजों के बीज 50 प्रतिशत अनुदान पर उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके साथ ही दलहन और तिलहन फसलों के मिनी किट भी वितरित किए जाएंगे।

कृषि भवन में सोमवार को संपन्न समीक्षा बैठक में कृषि मंत्री ने बताया कि इस खरीफ सीजन में कुल 1,96,117 क्विंटल बीज वितरण का लक्ष्य तय किया गया है। इनमें 15 मई से 80 हजार क्विंटल धान बीज का वितरण शुरू होगा। राष्ट्रीय दलहन आत्मनिर्भरता मिशन के तहत 49,129 क्विंटल दलहन बीज तथा मूंगफली उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए 57,446 क्विंटल बीज अनुदान पर उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि खाद की कालाबाजारी और तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।

किसानों को नई तकनीक की जानकारी

किसानों को वैज्ञानिक खेती की जानकारी देने के लिए 15 मई को कानपुर में पहली मंडलीय किसान गोष्ठी आयोजित होगी। इसमें चित्रकूट, झांसी और कानपुर मंडल के किसान और कृषि वैज्ञानिक भाग लेंगे। इसके बाद 21 मई को लखनऊ में राज्य स्तरीय किसान गोष्ठी होगी।

प्रदेश में 27.54 लाख मीट्रिक टन खाद उपलब्ध

कृषि मंत्री ने कहा कि प्रदेश में उर्वरकों का पर्याप्त भंडार मौजूद है। वर्तमान में 27.54 लाख मीट्रिक टन खाद उपलब्ध है, जिसमें 12 लाख मीट्रिक टन यूरिया, 4.79 लाख मीट्रिक टन एनपीके, 3.66 लाख मीट्रिक टन एसएसपी और 91 हजार मीट्रिक टन पोटाश शामिल है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे खाद की उपलब्धता को लेकर किसी प्रकार की चिंता न करें और संतुलित मात्रा में उर्वरकों का प्रयोग करें।

ये भी पढ़ें : 
यूपी में योगी सरकार ने शुरू किया प्रदेशव्यापी विशेष अभियान, नशे के खिलाफ महिलाओं और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर

 

 

संबंधित समाचार