महंगाई की मार और कम पगार: फिरोजाबाद में चूड़ी श्रमिकों का प्रदर्शन, वेतन वृद्धि की मांग को लेकर सड़कों पर कर्मचारी
फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में मंगलवार सुबह चूड़ी उद्योग से जुड़े श्रमिकों ने वेतन वृद्धि और निर्धारित कार्य अवधि लागू करने की मांग को लेकर कई कारखानों में काम बंद कर प्रदर्शन और हंगामा किया। श्रमिकों के आंदोलन के चलते शहर के अधिकांश चूड़ी कारखानों में उत्पादन कार्य ठप हो गया। श्रमिकों का प्रदर्शन थाना दक्षिण क्षेत्र के इंडस्ट्रियल एरिया नगला भाऊ से शुरू हुआ, जहां बड़ी संख्या में श्रमिकों ने चूड़ी कारखाने से बाहर निकलकर नारेबाजी शुरू कर दी। इसके बाद प्रदर्शनकारी अन्य कारखानों में भी पहुंचे और वहां काम बंद करा दिया।
देखते ही देखते पूरे शहर में हड़ताल और हंगामे की खबर फैल गई, जिससे अधिकांश चूड़ी कारखानों का संचालन प्रभावित हो गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन तुरंत सक्रिय हो गया। विभिन्न थाना क्षेत्रों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची, जबकि क्षेत्राधिकारी नगर विमल कुमार तिवारी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर हालात पर नजर रखी।
पुलिस ने श्रमिकों और कारखाना संचालकों के बीच बातचीत कराने का प्रयास किया और किसी भी अप्रिय घटना को होने से रोक दिया। प्रदर्शन कर रहे श्रमिकों की मुख्य मांग थी कि उनकी मजदूरी 500 रुपये से बढ़ाकर 750 रुपये की जाए तथा उनसे निर्धारित आठ घंटे से अधिक कार्य न लिया जाए। श्रमिकों का कहना था कि लंबे समय से वेतन वृद्धि नहीं हुई है, जबकि महंगाई लगातार बढ़ रही है।
उधर ग्लास इंडस्ट्रियल सिंडीकेट के डायरेक्टर हनुमान प्रसाद गर्ग ने कहा कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा श्रमिकों को भड़काकर हंगामा कराया गया है, जिसके कारण उत्पादन प्रभावित हुआ। उन्होंने बताया कि कारखाना संचालक श्रमिकों से बातचीत के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि संचालकों की ओर से श्रमिकों को आश्वासन दिया गया है कि उनसे निर्धारित आठ घंटे से अधिक कार्य नहीं कराया जाएगा और प्रति श्रमिक 50 रुपये की वेतन वृद्धि भी की जाएगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि बुधवार से पुलिस प्रशासन की निगरानी में कारखानों में उत्पादन कार्य सामान्य रूप से शुरू हो जाएगा।
