Uttrakhand: कैंचीधाम दर्शन के लिए गया पर्यटक बाइक समेत खाई में गिरने से मौत के मुंह में समाया
हल्द्वानी, अमृत विचार। दोस्तों और एक महिला मित्र के साथ कैंचीधाम दर्शन के लिए आए पर्यटक की मौत हो गई। हादसा तब हुआ जब युवक अपनी बाइक से एक रिजॉर्ट का रैंप चढ़ने का प्रयास कर रहा था। इस दौरान बाइक असंतुलित हुई और वह बाइक समेत कई फीट नीचे जा गिरा। पोस्टमार्टम हाउस में मृतक के पिता ने उसके दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, बिथरी चैनपुर बरेली उत्तर प्रदेश निवासी केशव भारद्वाज (25 वर्ष) पुत्र दिनेश भारद्वाज अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और एक दवा कंपनी में बतौर मेडिकल रिप्रेजेंटिव काम करता था। बताया जाता है कि उसने अपने कुछ दोस्तों व एक महिला मित्र के साथ कैंचीधाम दर्शन का प्लान बनाया था। करीब चार-पांच दोस्तों सोमवार को केशव सोमवार को भूमियाधार पहुंचा। यहां वह एक रिजॉर्ट में रुकने वाले थे।
केशव अपनी बाइक से रिजॉर्ट का रैंप चढ़ रहा था और तभी बाइक अनियंत्रित हो गई। केशव संभल नहीं पाया और बाइक समेत रैंप से कई फीट नीचे गिर गया। वह बुरी तरह घायल हुआ। आनन-फानन में उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। हालत नाजुक होने पर उसे डॉ.सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय रेफर कर दिया गया और यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
सूचना पर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे दिनेश ने बताया कि केशव उनका इकलौता बेटा था। उन्होंने केशव के दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है। हालांकि अभी तहरीर नहीं दी। पोस्टमार्टम के बाद वह शव बरेली ले गए। एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। मौत की असल वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद सामने आएगी।
