Moradabad: कहीं झमाझम तो कहीं रुक-रुक कर बरसे बादल, मौसम सुहावना

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। महानगर में मंगलवार को मौसम ने कई रंग दिखाए। सुबह से आसमान में काले बादलों का डेरा लगने लगा और कुछ ही देर में शहर के अलग-अलग इलाकों में बारिश शुरू हो गई। कहीं झमाझम तो कहीं रुक-रुक कर हुई बारिश से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली। ठंडी हवा के चलते मौसम सुहावना बना रहा। अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

सुबह करीब 10 बजे के बाद मौसम तेजी से बदला। रामपुर रोड स्थित हनुमान मूर्ति से लेकर पीएसी तिराहा तक पहले केवल बादल छाए रहे और बारिश होने जैसे हालात बने, जबकि कांठ रोड से आगे रामगंगा विहार क्षेत्र में झमाझम बारिश शुरू हो गई। हालांकि थोड़ी ही देर बाद पीएसी तिराहा और आसपास के इलाकों में भी बारिश होने लगी। इससे कुछ किलोमीटर के दायरे में मौसम के अलग-अलग रूप देखने को मिले। सुबह करीब सवा 11 बजे अचानक तेज धूप निकल आई, लेकिन कुछ देर बाद फिर बादलों ने आसमान को घेर लिया। 

पूरे दिन कभी धूप तो कभी बादलों का डेरा बना रहा। बारिश और ठंडी हवाओं से लोगों ने राहत महसूस की। बाजारों और सड़कों पर निकले लोगों के चेहरों पर मौसम बदलने की खुशी साफ दिखाई दी। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक बादल छाने और बारिश की संभावना बनी हुई है। इससे तापमान में और गिरावट आने के आसार हैं।

बदलते मौसम में स्वास्थ्य का रखें विशेष ध्यान
डॉक्टरों का कहना है कि मौसम में अचानक बदलाव के कारण सर्दी, जुकाम, वायरल बुखार और एलर्जी जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। बारिश में भीगने के बाद तुरंत कपड़े बदलने और बच्चों व बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। चिकित्सकों ने साफ पानी पीने और खानपान में सतर्कता रखने को कहा है।

संबंधित समाचार