बाराबंकी : C,D और E श्रेणी वाले विभागों पर डीएम नाराज, सुधार के निर्देश
सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा बैठक, कम रैंकिंग वाले विभागों को सुधार के निर्देश
बाराबंकी, अमृत विचार। कलेक्ट्रेट स्थित लोकसभागार में जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के अंतर्गत विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रगति और रैंकिंग की समीक्षा की। बैठक में मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाले 37 बिंदुओं पर विभागवार प्रदर्शन का मूल्यांकन किया गया। डीएम ने निर्देश दिए कि जिन विभागों की रैंकिंग अपेक्षित स्तर से नीचे है, उनके विभागाध्यक्ष व्यक्तिगत रुचि लेकर योजनाओं की प्रगति में तेजी लाएं।
सी, डी और ई श्रेणी में शामिल विभागों के खराब प्रदर्शन पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने चेतावनी दी कि मानकों के अनुरूप कार्य न होने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। बैठक में सड़क निर्माण, स्वच्छ भारत मिशन, फैमिली आईडी, मध्यान्ह भोजन, छात्र उपस्थिति, पर्यटन, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, किसान सम्मान निधि, मनरेगा, दुग्ध विकास, दिव्यांग व वृद्धावस्था पेंशन, युवा स्वरोजगार, महिला एवं बाल विकास तथा पिछड़ा वर्ग कल्याण समेत विभिन्न योजनाओं की प्रगति तेज करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को नियमित मॉनिटरिंग, डाटा फीडिंग में शुद्धता और समयबद्ध अपडेट सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। बैठक में जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए, उपायुक्त मनरेगा, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
