Prateek Yadav Death: पल्मोनरी एम्बोलिज्म बीमारी से परेशान थे प्रतीक, 4 माह पहले फेफड़ों में हुआ था इंफेक्शन
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के परिवार से जुड़े प्रतीक यादव, जो भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति थे, का बुधवार सुबह मात्र 38 वर्ष की आयु में निधन हो गया। अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रतीक यादव लंबे समय से पल्मोनरी एम्बोलिज्म (Pulmonary Embolism) जैसी जानलेवा बीमारी से जूझ रहे थे। कुछ दिनों पहले उनकी हालत बिगड़ने पर उन्हें लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इस बीमारी में फेफड़ों की रक्त वाहिकाओं में खून का थक्का फंस जाता है, जिससे रक्त संचार बुरी तरह प्रभावित होता है और ऑक्सीजन स्तर तेजी से गिरता है।
इलाज अधूरा छोड़कर घर लौटे थे प्रतीक
आपको बता दें उनके करीबी दोस्तों ने बताया कि प्रतीक यादव कुछ समय पहले ICU में भर्ती हुए थे, लेकिन इलाज पूरा होने से पहले ही वे अस्पताल से घर चले गए थे। उनकी पत्नी अपर्णा यादव पीजीआई के सरदार पटेल डेंटल कॉलेज से जुड़ी हैं।
अपर्णा यादव की करीबी मित्र रीना सिंह ने बताया कि चार महीने पहले प्रतीक के फेफड़ों में इंफेक्शन की समस्या आई थी, जिसका ऑपरेशन भी कराया गया था। मौत की खबर सुनकर रीना सिंह सदमे में पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचीं।
मेडिसिन विभाग की एसोसिएट डायरेक्टर डॉ. रुचिता शर्मा ने बताया, "प्रतीक यादव हमारे पुराने मरीज थे। उन्हें हाई ब्लड प्रेशर और हाइपरटेंशन की शिकायत भी थी। हाल ही में पल्मोनरी एम्बोलिज्म की वजह से उन्हें भर्ती किया गया था। थक्के के कारण फेफड़ों में रुकावट पैदा हुई, जिसका दिल पर गंभीर असर पड़ा।"
परिवार और राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर है। प्रतीक यादव की असामयिक मौत ने उनके परिजनों को गहरे दुख में डाल दिया है।
