तहसील फतेहपुर ने मारी बाजीः IGRS शिकायत निस्तारण में पूरे उत्तर प्रदेश में पाया पहला स्थान

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

फतेहपुर, बाराबंकी, अमृत विचारः मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों के त्वरित और संतोषजनक निस्तारण में तहसील फतेहपुर ने प्रदेश स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। शासन द्वारा जारी रैंकिंग में तहसील फतेहपुर को पूरे उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। इस उपलब्धि से तहसील प्रशासन में खुशी का माहौल है।

शासन स्तर से जारी रैंकिंग में शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण, शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि और लंबित मामलों की न्यूनतम संख्या को आधार बनाया गया। इन सभी मानकों पर बेहतर प्रदर्शन करते हुए तहसील फतेहपुर ने प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया।

तहसील प्रशासन द्वारा राजस्व, प्रमाण पत्र, भूमि विवाद, वरासत, पैमाइश, कब्जा, सामाजिक योजनाओं समेत अन्य जनसमस्याओं से संबंधित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराया जा रहा था। अधिकारियों की नियमित मॉनिटरिंग, कर्मचारियों की सक्रियता और शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद की व्यवस्था का सकारात्मक परिणाम सामने आया है।

तहसीलदार वैशाली अहलावत ने इस उपलब्धि का श्रेय पूरी टीम को देते हुए कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन की समस्याओं का पारदर्शी और समयबद्ध समाधान कराने का लगातार प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आगे भी शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि लोगों को त्वरित राहत मिल सके।

संबंधित समाचार