सेमीकंडक्टर इंजीनियरिंग टेक्नोलॉजी की दुनिया का नया भविष्य
आज के दौर में ज्यादातर छात्र कंप्यूटर साइंस को सबसे सुरक्षित और लोकप्रिय करियर विकल्प मानते हैं, लेकिन टेक्नोलॉजी की दुनिया अब केवल सॉफ्टवेयर तक सीमित नहीं रही। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, स्मार्टफोन, इलेक्ट्रिक व्हीकल और ऑटोमेशन जैसी तकनीकों के बढ़ते इस्तेमाल ने सेमीकंडक्टर इंजीनियरिंग को तेजी से उभरता हुआ करियर बना दिया है। आने वाले वर्षों में यह क्षेत्र युवाओं के लिए शानदार अवसर लेकर आ सकता है। आइए जानते हैं कि सेमीकंडक्टर इंजीनियरिंग क्या है और इसमें करियर की संभावनाएं कितनी मजबूत हैं।
क्या है सेमीकंडक्टर इंजीनियरिंग?
सेमीकंडक्टर इंजीनियरिंग वह क्षेत्र है, जिसमें इलेक्ट्रॉनिक चिप्स और माइक्रोप्रोसेसर को डिजाइन करने, विकसित करने और टेस्ट करने की तकनीक सिखाई जाती है। आज मोबाइल फोन, लैपटॉप, स्मार्ट टीवी, कार, मेडिकल उपकरण और यहां तक कि घरेलू मशीनों में भी सेमीकंडक्टर चिप्स का उपयोग होता है। आसान शब्दों में कहें तो हर स्मार्ट डिवाइस की “ब्रेन” यही चिप्स होती हैं। इन्हें तैयार करने और बेहतर बनाने का काम सेमीकंडक्टर इंजीनियर करते हैं।
क्यों बढ़ रही है इस फील्ड की मांग?
कोरोना काल के दौरान दुनियाभर में चिप्स की कमी देखने को मिली थी। इससे यह स्पष्ट हो गया कि सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री आधुनिक तकनीक की रीढ़ है। यही कारण है कि अब कई देश इस सेक्टर में बड़े स्तर पर निवेश कर रहे हैं। भारत सरकार भी “इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन” के जरिए देश में चिप निर्माण को बढ़ावा दे रही है। इसके अलावा Intel, TSMC और Qualcomm जैसी बड़ी कंपनियां लगातार नए प्रोजेक्ट्स पर काम कर रही हैं। इससे इस क्षेत्र में रोजगार के अवसर तेजी से बढ़ रहे हैं।
बीटेक सेमीकंडक्टर इंजीनियरिंग में क्या पढ़ाया जाता है?
इस कोर्स में छात्रों को इलेक्ट्रॉनिक्स और चिप डिजाइन से जुड़ी आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी जाती है। मुख्य विषयों में शामिल हैं—
VLSI Design
Embedded Systems
Microelectronics
Chip Fabrication
Circuit Design
इन विषयों के माध्यम से छात्र चिप निर्माण और हार्डवेयर टेक्नोलॉजी की गहराई को समझते हैं।
करियर और सैलरी की संभावनाएं
सेमीकंडक्टर इंजीनियरिंग करने के बाद छात्र चिप डिजाइन इंजीनियर, VLSI इंजीनियर, हार्डवेयर इंजीनियर, रिसर्च साइंटिस्ट और मैन्युफैक्चरिंग एक्सपर्ट जैसे पदों पर काम कर सकते हैं। शुरुआती स्तर पर इस क्षेत्र में सालाना 6 से 12 लाख रुपये तक का पैकेज मिल सकता है। अनुभव और स्किल बढ़ने के साथ सैलरी 20 लाख रुपये या उससे अधिक तक पहुंच सकती है। विदेशों में भी इस फील्ड की मांग काफी अधिक है, जिससे ग्लोबल करियर के अवसर भी मजबूत बनते हैं।
-डॉ. अनुराग तिवारी, असिस्टेंट डायरेक्टर बीबीडी आईटीएम, लखनऊ
