Punjab Road Accident: छत लाइट चौक पर बड़ा हादसा, सवारियों से भरी बस पलटी, 20 से अधिक यात्री घायल

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

जीरकपुरः पंजाब के मोहाली के जीरकपुर के छत लाइट चौक के पास शुक्रवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। मनाली से दिल्ली जा रही सवारियों से भरी एक निजी बस और ट्रक की टक्कर के बाद अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार सुनाई देने लगी। 

जानकारी के अनुसार बस अपने तय रूट पर मनाली से दिल्ली जा रही थी। जैसे ही बस छत लाइट चौक के पास पहुंची, उसी दौरान जीरकपुर से पटियाला की ओर जा रहे एक ट्रक ने बस को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बस चालक संतुलन खो बैठा और बस सड़क पर पलट गई। हादसा इतना अचानक हुआ कि यात्रियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। कई यात्री सीटों से उछलकर नीचे गिर गए, जबकि कुछ बस के अंदर ही फंस गए। हादसे में करीब 20 से 22 यात्री घायल बताए जा रहे हैं। इनमें कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के दौरान एक युवक बस के नीचे दब गया, जिससे उसकी बाजू गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गई। उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया और घायलों को तुरंत डेराबस्सी सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद कई गंभीर घायलों को चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। हादसे के कारण करीब दो घंटे तक हाईवे पर लंबा जाम लगा रहा। बाद में हाइड्रा मशीन की मदद से बस को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में ट्रक और बस की तेज रफ्तार को हादसे का कारण माना जा रहा है। 

संबंधित समाचार