राजधानी में यातायात का दबाव होगा कमः मेट्रो स्टेशनों और सिटी ट्रांसपोर्ट के बीच कनेक्टिविटी होगी बेहतर
आम नागरिकों को निजी वाहनों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा
लखनऊ, अमृत विचार : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचाने की अपील के बाद प्रशासन ने भी सार्वजनिक यातायात को बढ़ावा देने की दिशा में कदम बढ़ा दिया है। शहर के मेट्रो स्टेशनों को सिटी ट्रांसपोर्ट से सीधे जोड़ा जाएगा। शहर में 71 पार्किंग स्थल बनाए जाएंगे। इसके अलावा 29 नए फीडर मार्गों की पहचान कर मंजूरी भी दी गई है। इन मार्गों पर नए ऑटो और टेम्पो स्टॉप बनाकर मोहल्लों व कॉलोनियों को सीधे मेट्रो स्टेशन से जोड़ा जाएगा।
शहर में मेट्रो ट्रेन की उपयोग को प्रोत्साहित करने, सिटी ट्रांसपोर्ट की कनेक्टिविटी को बेहतर करने के साथ यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए गुरुवार को मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत की अध्यक्षता में आयुक्त सभागार में बैठक हुई। मंडलायुक्त ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के क्रम में सार्वजनिक परिवहन का अधिकाधिक उपयोग हो सके। उन्होंने सभी प्रमुख मेट्रो स्टेशनों के आस-पास फीडर बस सेवा एवं पार्किंग व्यवस्था का सर्वे कराते हुए कार्ययोजना तैयार करने के अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रमुख मेट्रो स्टेशनों के आस-पास यातायात प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था करने के साथ पार्किंग, बस स्टॉप का विकास कराया जाए। मंडलायुक्त ने सर्वे कराकर ऐसे स्थलों को चिन्हित करने के निर्देश दिए जहां यात्रियों की अत्यधिक भीड़, जाम तथा परिवहन सुविधा का अभाव रहता है। बैठक में एमडी यूपी मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन सुशील कुमार, आरएम सिटी ट्रांसपोर्ट व वर्चुअल माध्यम से जिलाधिकारी विशाख जी, नगर आयुक्त गौरव कुमार, डीसीपी ट्रैफिक, आरटीओ प्रवर्तन तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यालय के समय मेट्रो स्टेशनों तक शटल बस सेवा की जाएगी शुरू
मंडलायुक्त ने आरएस सिटी ट्रांसपोर्ट को कार्यालय के समय प्रमुख लोड वाले स्थलों के पास मेट्रो स्टेशनों तक शटल बस सेवा प्रारंभ करने के निर्देश दिए। साथ ही इस व्यवस्था की जानकारी कर्मचारी यूनियनों एवं विभिन्न संस्थानों को दी जाए, जिससे अधिक से अधिक लोग मेट्रो सेवा का उपयोग करने के लिए प्रेरित हो सकें। उन्होंने कहा कि सरकारी कर्मचारियों, कॉलेज एवं विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं तथा स्कूल विद्यार्थियों को मेट्रो से जोड़ने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए। इलेक्ट्रिक बसों एवं छोटे सार्वजनिक परिवहन साधनों के रूट पुनर्गठित कर नए रूट प्रस्तावित किए जाएं।
15 जून तक खुले में पार्किंग हो जाएंगी संचालित
एमडी यू0पी0 मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन सुशील कुमार ने कहा कि मेट्रो सेवाओं के उपयोग को अधिक सुगम एवं जनसुलभ बनाने के लिए विभिन्न मेट्रो स्टेशनों के आस-पास पर्याप्त पार्किंग सुविधाओं का विकास एवं विस्तार अनिवार्य है। जिससे यात्री अपने निजी वाहनों को सुरक्षित पार्क कर सकें। जिस पर नगर आयुक्त गौरव कुमार ने कहा कि पार्किंग स्थलों के विकास के लिए निविदा प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। संबंधित टेंडर शनिवार तक प्रकाशित कर दिए जाएंगे। समस्त टेंडर प्रक्रिया को पूर्ण करते हुए 15 जून तक अंतिम रूप प्रदान कर दिया जाएगा।
