बाराबंकी : 42 प्रतिष्ठानों का सत्यापन, 28 नमूने जांच को भेजे, औषधि विभाग का विशेष प्रवर्तन अभियान तेज

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

बाराबंकी, अमृत विचार। जिला औषधि निरीक्षक राजिया बानो द्वारा जनपद में थोक औषधि विक्रय प्रतिष्ठानों एवं गोदामों का स्थलीय सत्यापन एवं निरीक्षण किया। अभियान के तहत अब तक 42 प्रतिष्ठानों का सत्यापन किया गया तथा एलोपैथिक, पशु औषधियों एवं कॉस्मेटिक सहित कुल 28 औषधियों के नमूने लेकर जांच हेतु प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

निरीक्षण के दौरान कुर्सी क्षेत्र में विशाल फार्मा, संजीत मेडिकल स्टोर, कैलाश मेडिकल स्टोर, सिंह मेडिकल स्टोर एवं ब्रदर्स मेडिकल एजेंसी तथा हैदरगढ़ क्षेत्र में न्यू साहू मेडिकल स्टोर, कपिल फार्मा एवं साहू मेडिकल हॉल सहित कई प्रतिष्ठानों की जांच की गई। इस दौरान औषधि लाइसेंस, भवन के वैध अभिलेख, भंडारण व्यवस्था, मार्ग, फार्मासिस्ट व कम्पीटेंट पर्सन की उपस्थिति आदि का सत्यापन किया गया।

कोडिन युक्त कफ सिरप एवं नारकोटिक्स औषधियों की विशेष सघन जांच भी की जा रही है। निरीक्षण में पाई गई कमियों के आधार पर संबंधित प्रतिष्ठानों को कारण बताओ नोटिस जारी करने की कार्रवाई की जा रही है। निरीक्षण के दौरान 8 औषधियों के नमूने संग्रहित कर प्रयोगशाला भेजे गए हैं, जिनकी रिपोर्ट आने पर आगे नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

वहीं 3 प्रतिष्ठान बंद पाए जाने पर उन्हें नोटिस जारी किया जा रहा है तथा 3 थोक प्रतिष्ठानों में संचालन न पाए जाने पर लाइसेंस निलंबन/निरस्तीकरण की संस्तुति सहायक आयुक्त (औषधि) अयोध्या मंडल को भेजी जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि लाइसेंस शर्तों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा यह विशेष प्रवर्तन अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

संबंधित समाचार