Bareilly:जिमों में महिलाओं के साथ घटनाओं पर DIG सख्त, मंडल के चारों कप्तानों से मांगी रिपोर्ट

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। पिछले दिनों शहर के सिविल लाइंस में एक जिम में एक महिला डॉक्टर को नशीला पदार्थ देकर जिम संचालक और उसके भाई द्वारा रेप करने और अश्लील वीडियो बनाकर 50 लाख रुपये मांगने की घटना से पुलिस प्रशासन हरकत में है। जिम में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर डीआईजी अजय सहानी ने मंडल के सभी जिलों में विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने चारों जिलों के पुलिस कप्तानों को जिम और फिटनेस सेंटरों में जांच कर जल्द आवश्यक व्यवस्थाएं लागू कराने को कहा है। उन्होंने पांच दिन में रिपोर्ट मांगी है।

डीआईजी ने कहा कि जिम में आने वाली महिलाओं को सुरक्षित वातावरण मिलना चाहिए। इसके लिए पुलिस और जिम संचालकों की संयुक्त जिम्मेदारी तय की गई है। अभियान के दौरान पुलिस टीम जिमों का निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों का सत्यापन करेगी। डीआईजी ने निर्देश दिए कि सभी जिम और फिटनेस सेंटरों में सीसीटीवी कैमरे, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, महिला चेंजिंग रूम हों। साथ ही महिलाओं के लिए महिला ट्रेनर और महिला स्टाफ की व्यवस्था होनी चाहिए। 

जिम में इस्तेमाल होने वाले प्रोटीन पाउडर, स्टेरॉयड और अन्य सप्लीमेंट की भी जांच कराई जाए, ताकि किसी प्रकार की अवैध गतिविधि न हो। बिना अनुमति फोटो या वीडियो बनाने तथा महिलाओं के साथ अभद्रता या छेड़छाड़ की घटनाओं को लेकर भी सख्ती बरतने को कहा। डीआईजी ने संवेदनशील जिम और फिटनेस सेंटरों के आसपास एंटी रोमियो स्क्वॉड और स्थानीय पुलिस द्वारा नियमित गश्त व चेकिंग कराने के आदेश दिए हैं। इसके अलावा सभी ट्रेनर और स्टाफ का पुलिस सत्यापन कराने को भी कहा गया है। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जहां संभव हो, वहां महिलाओं और पुरुषों के जिम आने का समय अलग-अलग निर्धारित किया जाए। साथ ही जिम संचालकों और महिला सदस्यों को महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112 और साइबर हेल्पलाइन 1030 के बारे में जागरूक किया जाए।

संबंधित समाचार