अर्थ, सृजन और जीवन शक्ति से विकसित यूपी का रोडमैप तैयार, 2047 तक यूपी को देश की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने का रखा लक्ष्य

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

कृषि, एमएसएमई, इंफ्रास्ट्रक्चर, डिजिटल इकोनॉमी और सुशासन पर रहेगा फोकस

लखनऊ, अमृत विचार: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रदेश को वर्ष 2047 तक विकसित राज्य बनाने के लिए ‘अर्थ शक्ति, सृजन शक्ति और जीवन शक्ति’ पर आधारित नया विकास मॉडल तैयार किया गया है। सरकार का लक्ष्य है कि उत्तर प्रदेश केवल देश की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था ही न बने, बल्कि समावेशी और संतुलित विकास का राष्ट्रीय मॉडल भी प्रस्तुत करे।

प्रदेश सरकार के अनुसार उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था तेजी से विस्तार कर रही है। वर्ष 2020-21 में प्रदेश की जीएसडीपी 16.83 लाख करोड़ रुपये थी, जो 2024-25 में बढ़कर 30.25 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। लगभग 356 बिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के साथ यूपी देश की शीर्ष अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है। सरकार का मानना है कि प्रदेश की 24 करोड़ आबादी और 62.8 प्रतिशत कार्यशील युवा जनसंख्या भविष्य की आर्थिक प्रगति की सबसे बड़ी ताकत बनेगी।

योगी सरकार ने अर्थ शक्ति के तहत कृषि, एमएसएमई, विनिर्माण और सेवा क्षेत्र को विकास का मुख्य आधार बनाया है। कृषि क्षेत्र में तकनीक, वैल्यू एडिशन और एग्री-बिजनेस को बढ़ावा देने पर जोर दिया जा रहा है। खाद्यान्न, गन्ना और दुग्ध उत्पादन में अग्रणी यूपी अब कृषि को आधुनिक बाजार और प्रोसेसिंग से जोड़कर किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में काम कर रहा है।

उद्योग की उड़ान अभियान पर फोकस

एमएसएमई क्षेत्र को औद्योगिक विकास की रीढ़ मानते हुए उद्योग की उड़ान अभियान के जरिए छोटे और मध्यम उद्योगों को वित्त, तकनीक और बाजार उपलब्ध कराने की रणनीति बनाई गई है। ओडीओपी योजना, निवेश मित्र पोर्टल और नई औद्योगिक नीतियों के जरिए लाखों युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ा गया है। प्रदेश तेजी से डिजिटल अर्थव्यवस्था की ओर भी बढ़ रहा है। ई-गवर्नेंस, डिजिटल भुगतान, ऑनलाइन सेवाओं और आईटी सेक्टर के विस्तार के माध्यम से प्रशासन और सेवाओं को तकनीक आधारित बनाया जा रहा है। साथ ही धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को आर्थिक विकास से जोड़ते हुए अयोध्या, काशी, मथुरा और प्रयागराज को वैश्विक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।

सृजन शक्ति और जीवन शक्ति मॉडल सबसे अहम

सृजन शक्ति” मॉडल के तहत एक्सप्रेस-वे, एयरपोर्ट, डिफेंस कॉरिडोर, डेटा सेंटर और लॉजिस्टिक पार्क जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स पर फोकस किया गया है। पूर्वांचल, बुंदेलखंड और गंगा एक्सप्रेस-वे के साथ नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तथा डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर जैसे प्रोजेक्ट यूपी को निवेश और औद्योगिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बना रहे हैं। वहीं जीवन शक्ति के अंतर्गत स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा और सुशासन को प्राथमिकता दी गई है। सरकार युवाओं को कौशल विकास और तकनीकी शिक्षा से जोड़ने के साथ कानून व्यवस्था को मजबूत कर निवेश के अनुकूल माहौल तैयार करने पर जोर दे रही है।

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज