संपादकीय : महंगाई की मार

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

थोक महंगाई दर का 42 महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंचना भारतीय अर्थव्यवस्था और आम जनता दोनों के लिए गंभीर चेतावनी है। महंगाई का थोक मूल्य सूचकांक महीने भर में 3.88 प्रतिशत से बढ़कर 8.3 प्रतिशत तक पहुंचना सांख्यिकीय उछाल के साथ व्यापक लागत संकट का संकेत है। वैश्विक ऊर्जा बाजार की अस्थिरता, पश्चिम एशिया में युद्ध की आशंकाएं, दबाव में रुपया और जलवायु संबंधी अनिश्चितता के परिदृश्य में यह महंगाई केवल आर्थिक नहीं, बल्कि सामाजिक और राजनीतिक चुनौती भी बन सकती है। आम जनता की पहली प्रतिक्रिया स्वाभाविक रूप से चिंता और असुरक्षा की होगी। मध्यम वर्ग को ईंधन, गैस सिलेंडर, परिवहन तथा कर्जे की ईएमआई चुकाने की चिंता सताएगी, जबकि निम्न आय वर्ग रोजमर्रा के खर्च बढ़ने से सबसे अधिक प्रभावित होगा। 

पेट्रोल, डीजल, सीएनजी, दूध, घरेलू गैस, सोना-चांदी, टेक्सटाइल, बेसिक मेटल और केमिकल उत्पादों की कीमतों में वृद्धि का अर्थ है कि महंगाई अब केवल एक-दो क्षेत्रों तक सीमित नहीं रही, बल्कि पूरी अर्थव्यवस्था में फैलने लगी है। यह ‘कॉस्ट-पुश इन्फ्लेशन’ का संकेत है, जिसमें उत्पादन लागत बढ़ने से वस्तुओं और सेवाओं के दाम क्रमशः ऊपर जाते हैं। कच्चे तेल की कीमत बढ़ने का सीधा असर परिवहन, उत्पादन और वितरण लागत पर पड़ता है। लगातार कमजोर होता रुपया आयातित वस्तुओं को और महंगा बना रहा है। वैश्विक कमोडिटी की कीमतों में वृद्धि और सप्लाई चेन पर दबाव एवं अल नीनो की आशंका, जो कृषि उत्पादन और खाद्य आपूर्ति को प्रभावित कर सकती है, आगे भी महंगाई पर लगाम न लग सकने के गंभीर संकेतक हैं, हालांकि अभी राहत की बात यह है कि खाद्य महंगाई अपेक्षाकृत नियंत्रित दिख रही है। प्याज और आलू जैसे उत्पादों के दाम अभी पिछले वर्ष की तुलना में नीचे हैं, लेकिन यह राहत स्थायी नहीं मानी जा सकती। यदि मानसून कमजोर रहा या ईंधन महंगा होता गया, तो परिवहन लागत बढ़ने से खाद्य वस्तुओं पर भी दबाव आ सकता है। अभी तक कई कंपनियां बढ़ी हुई लागत का पूरा बोझ ग्राहकों पर नहीं डाल रही हैं और अपने मार्जिन घटाकर काम चला रही हैं, लेकिन यह स्थिति लंबे समय तक नहीं टिक सकती। यदि कच्चे माल और ईंधन की कीमतें ऊंची बनी रहीं, तो कंपनियां अंततः उपभोक्ताओं पर कीमत बढ़ोतरी का बोझ डालेंगी। आरबीआई भी रेपोरेट बढ़ा देगी। इसका अर्थ होगा कि आज की थोक महंगाई कल खुदरा महंगाई में बदल जाएगी तथा इन सबके चलते आगे चल कर थोक महंगाई और ईएमआई दोनों जनता को और परेशान करेगी। 

सरकार को इस अत्यंत जटिल चुनौती से निबटने के लिए ईंधन पर करों की समीक्षा, रणनीतिक तेल भंडार का विवेकपूर्ण उपयोग, खाद्य आपूर्ति प्रबंधन और कमजोर वर्गों के लिए लक्षित राहत उपायों पर तेजी से काम करना होगा। कृषि उत्पादकता बढ़ाने, लॉजिस्टिक्स लागत कम करने और वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों को प्रोत्साहित करने जैसी दीर्घकालिक नीतियां भी आवश्यक हैं। महंगाई केवल आर्थिक आंकड़ा नहीं होती, यह लोगों के जीवन स्तर, सामाजिक संतुलन और राजनीतिक विश्वास को भी प्रभावित करती है। सरकार के लिए यह केवल कीमतों को नियंत्रित करने का नहीं, बल्कि जनता के भरोसे को बनाए रखने का भी कठिन समय है।

टॉप न्यूज

हाईवे पर 80 Km/h से तेज चलाई गाड़ी तो कटेगा चालान, स्पीड डिटेक्शन कैमरे से लैस यातायात पुलिस की पांच टीमें कर रही कार्रवाई
Moradabad : प्रधानमंत्री की अपील से कदमताल कर रहे जनप्रतिनिधि-अधिकारी
कहीं आपका लाडला भी तो नहीं हो रहा ऑटिज्म का शिकार? 2 साल से छोटे बच्चों को मोबाइल देना पड़ सकता है भारी
अर्थ, सृजन और जीवन शक्ति से विकसित यूपी का रोडमैप तैयार, 2047 तक यूपी को देश की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने का रखा लक्ष्य
कड़ी धूप के साथ प्रशासनिक बंदिशें भी श्रद्धालुओं को कर रहीं परेशान, राम मंदिर के प्रमुख प्रवेश द्वार के सामने लगी बैरिकेडिंग दे रही दिक्कतें