कानपुर : 2390 मिलियन यूनिट स्वच्छ बिजली उत्पादन से 19.60 लाख टन कार्बन उत्सर्जन में कमी
कानपुर। उत्तर प्रदेश में कानपुर नगर जिले की बिल्हौर तहसील स्थित डोड़वा जमौली में स्थापित एनटीपीसी ग्रीन एनर्जी के 225 मेगावाट क्षमता वाले मेगा सोलर पावर प्रोजेक्ट से अब तक 2390 मिलियन यूनिट स्वच्छ बिजली उत्पादन किया जा चुका है, जिससे लगभग 19.60 लाख टन कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन में कमी आई है। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने शनिवार को परियोजना का निरीक्षण करते हुए इसे प्रदेश में ग्रीन एवं क्लीन एनर्जी का मजबूत मॉडल बताया।
करीब 1203 एकड़ क्षेत्रफल में फैली यह परियोजना उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी एकल सौर ऊर्जा परियोजनाओं में शामिल है। मुख्य प्लांट ग्राम डोड़वा जमौली में स्थापित है, जबकि इसका विस्तार नदिहा खुर्द, उत्तरी और मदाररायगुमान गांवों तक है। परियोजना में लगभग 9.82 लाख सोलर पैनल लगाए गए हैं। निरीक्षण के दौरान एनटीपीसी ग्रीन एनर्जी के वरिष्ठ प्रबंधक अमितोष वर्मा ने बताया कि स्थापना से अब तक उत्पादित बिजली का अनुमानित मूल्य करीब 717 करोड़ रुपये आंका गया है।
इस परियोजना से उत्पादित विद्युत ऊर्जा रसूलाबाद, बिल्हौर, बांगरमऊ और मल्हावा फीडरों को आपूर्ति की जा रही है, जिससे क्षेत्र में बिजली व्यवस्था को मजबूती मिली है। उन्होंने बताया कि सौर ऊर्जा उत्पादन के कारण पारंपरिक ईंधनों पर निर्भरता कम हुई है और बड़े पैमाने पर कार्बन उत्सर्जन में कमी दर्ज की गई है।
ऊर्जा विशेषज्ञों के अनुसार यह परियोजना पर्यावरण संरक्षण तथा गैर-जीवाश्म ईंधन आधारित ऊर्जा व्यवस्था को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में अक्षय ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है, जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार भी सौर ऊर्जा परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ा रही है।
उन्होंने कहा कि भविष्य की ऊर्जा आवश्यकताओं को देखते हुए स्वच्छ एवं प्रदूषण रहित ऊर्जा उत्पादन समय की मांग है। डीएम ने कहा कि सौर ऊर्जा परियोजनाओं का सबसे बड़ा लाभ यह है कि इनमें प्रदूषण की संभावना नगण्य होती है और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में मदद मिलती है। उन्होंने परियोजना को ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में बड़ा कदम बताया।
एनटीपीसी द्वारा कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) के तहत आसपास के गांवों में विकास कार्य भी कराए जा रहे हैं। कंपनी ग्राम डोड़वा जमौली में 1.87 हेक्टेयर क्षेत्रफल में ग्रामीण स्टेडियम का निर्माण कराएगी। इसके अलावा डोड़वा जमौली, नदिहा खुर्द और मदाररायगुमान गांवों में सोलर लाइटें लगाई जाएंगी तथा परिषदीय विद्यालयों में बेंच और अन्य संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे।
