लखनऊ में हुये लाठीचार्ज के विरोध में जौनपुर में वकीलों ने किया प्रदर्शन, दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ की कार्रवाई की मांग

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

जौनपुर। लखनऊ सिविल कोर्ट परिसर में अधिवक्ताओं पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में सोमवार को जौनपुर कलेक्ट्रेट परिसर में सिविल कोर्ट और कलेक्ट्रेट के अधिवक्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में एकत्र अधिवक्ताओं ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सिविल कोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सुभाष चंद्र यादव और कलेक्ट्रेट अधिवक्ता समिति के अध्यक्ष घनश्याम सिंह के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में हजारों अधिवक्ता शामिल हुए।

प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि लखनऊ में अधिवक्ताओं के साथ किया गया व्यवहार बेहद निंदनीय है, जिससे पूरे अधिवक्ता समाज में आक्रोश व्याप्त है। अधिवक्ताओं ने कहा कि वकील न्याय व्यवस्था का महत्वपूर्ण अंग हैं और उन पर बल प्रयोग लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोषी अधिकारियों और पुलिसकर्मियों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

प्रदर्शन के बाद सिविल कोर्ट और कलेक्ट्रेट के अधिवक्ताओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की गई। इस दौरान अधिवक्ताओं ने लखनऊ में हुए लाठीचार्ज के विरोध में सोमवार को पूरे दिन न्यायिक कार्यों से विरत रहने का प्रस्ताव भी पारित किया।

संबंधित समाचार