Uttrakhand: सितारगंज में ₹35 लाख की हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार
सितारगंज, अमृत विचार। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और सितारगंज पुलिस की संयुक्त टीम ने ₹35 लाख मूल्य की हेरोइन (स्मैक) के साथ एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसकी बिना नंबर की बाइक को सीज कर दिया है।
एसआई जगदीश तिवारी ने बताया कि शनिवार रात वह एसआई जगत सिंह शाही, कांस्टेबल भूपाल सिंह और एएनटीएफ टीम के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान तिरंगा चौराहे से बिज्टी चौराहे की ओर आ रही एक बिना नंबर की बाइक को जब पुलिस ने रोकने का प्रयास किया, तो चालक बाइक मोड़कर भागने लगा। इस हड़बड़ाहट में उसकी बाइक सड़क किनारे खंती में गिर गई, जिसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम शादाब (निवासी बाईपास कॉलोनी, सितारगंज) बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से 119 ग्राम हेरोइन बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब ₹35 लाख आंकी जा रही है।
पूछताछ में शादाब ने कुबूल किया कि वह खुद भी स्मैक पीने का आदी है। उसे यह हेरोइन बहेड़ी (उत्तर प्रदेश) निवासी नदीम नामक व्यक्ति ने दी थी। नदीम ने उसे सितारगंज में एक कार सवार खरीदार को यह खेप पहुंचाने के बदले ₹5,000 देने का लालच दिया था। पुलिस के अनुसार, आरोपी शादाब शातिर किस्म का तस्कर है और उसके खिलाफ पहले भी कोतवाली सितारगंज और थाना अमरिया (पीलीभीत) में तस्करी के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उसे न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई कर रही है।
