Uttrakhand: वीकेंड पर नैनीताल पर्यटकों से गुलजार, कैंची धाम क्षेत्र में दिनभर जाम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नैनीताल, अमृत विचार। मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक वीकेंड पर पहाड़ों का रुख कर रहे हैं। रविवार को नैनीताल और आसपास के पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे शहर दिनभर गुलजार रहा।

पर्यटकों ने नैनीझील में नौकायन का आनंद लिया, जबकि स्नो व्यू, केव गार्डन, हिमालय दर्शन, चिड़ियाघर और मालरोड जैसे प्रमुख स्थलों पर भी दिनभर चहल-पहल बनी रही। पर्यटकों की बढ़ती आमद से होटल, रेस्टोरेंट, टैक्सी और नौका कारोबार से जुड़े व्यवसायियों के चेहरे खिले नजर आए। इधर, बाबा नीम करौली महाराज के विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। शनिवार देर शाम तक करीब 10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।

 भीड़ के कारण कैंची धाम क्षेत्र में सुबह से ही यातायात का दबाव बढ़ गया और कई स्थानों पर जाम की स्थिति बनी रही। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है। कैंची धाम जाने वाले निजी वाहनों पर प्रतिबंध लगाकर श्रद्धालुओं को शटल सेवा के माध्यम से भेजा जा रहा है। इसके बावजूद भवाली-कैंची धाम मार्ग पर लंबी कतारें देखने को मिलीं। प्रशासन ने आगामी दिनों में भीड़ बढ़ने की संभावना को देखते हुए अतिरिक्त व्यवस्थाएं करने की बात कही है।

 

संबंधित समाचार