Bareilly: पांच दिन बाद भी बिजली ने नहीं दिए दर्शन...गर्मी के कहर से तिलमिला उठा आंवला

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

आंवला, अमृत विचार। 13 मई को आई भीषण आंधी का असर ग्रामीण इलाकों की बिजली व्यवस्था पर अब तक दिखाई दे रहा है। तेज हवाओं में कई बिजली पोल टूट गए और जगह-जगह तार क्षतिग्रस्त हो गए थे। बिजली विभाग ने तीन दिन तक लगातार मरम्मत कार्य कर अधिकांश लाइनों को चालू करने का दावा किया, लेकिन हकीकत यह है कि गांवों में अब भी बिजली आपूर्ति पूरी तरह पटरी पर नहीं लौट सकी है। भीषण गर्मी में हो रही लगातार कटौती ने ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

सेंधा, मोतीपुरा, पथरी, मोहम्मदपुर पथरा, सेंधी, दलीपुर, टांडा, कल्लिया, आसपुर और करूआताल समेत दर्जनों गांवों के लोग बिजली संकट से परेशान हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली कुछ मिनट के लिए आती है और फिर घंटों गायब हो जाती है। कई बार पूरे दिन सप्लाई नहीं मिलती। गर्मी और उमस के बीच लोग रातभर जागने को मजबूर हैं। बिजली न मिलने से इनवर्टर और बैटरियां भी चार्ज नहीं हो पा रहीं, जिससे पंखे और जरूरी उपकरण बंद पड़े हैं।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि शिकायतों के बावजूद विभागीय अधिकारी समस्या को गंभीरता से नहीं ले रहे। बिजली संकट के चलते पेयजल व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। सबसे ज्यादा दिक्कत छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को उठानी पड़ रही है। लोगों का कहना है कि सरकार गांवों में बेहतर बिजली व्यवस्था के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन जमीनी हालात इसके विपरीत हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द स्थायी समाधान कर निर्बाध बिजली आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है। वहीं, विद्युत विभाग के एसडीओ से संपर्क का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हुआ।

संबंधित समाचार