BRICS Summit: सितंबर में भारत आएंगे रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में होंगे शामिल
मॉस्को। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन 12 और 13 सितंबर को नयी दिल्ली में आयोजित होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे। राष्ट्रपति के सहायक ने यह जानकारी दी। राष्ट्रपति पुतिन ने 23वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन के लिए दिसंबर 2025 में भारत का दौरा किया था।
भारत ब्रिक्स की अध्यक्षता के तहत सितंबर में समूह के वार्षिक शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेगा। सरकारी समाचार एजेंसी 'तास' ने अंतरराष्ट्रीय मामलों के लिए राष्ट्रपति कार्यालय 'क्रेमलिन' के सहायक यूरी उशाकोव के हवाले से अपनी खबर में कहा कि राष्ट्रपति पुतिन 12 और 13 सितंबर को नयी दिल्ली में होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि नयी दिल्ली में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान राष्ट्रपति पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग के बीच एक द्विपक्षीय बैठक की योजना बनाई गई है।
राष्ट्रपति पुतिन ने 23वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन के लिए दिसंबर 2025 में भारत का दौरा किया था। इस महीने की शुरुआत में, रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने नयी दिल्ली में ब्रिक्स सदस्य देशों के दो दिवसीय सम्मेलन में भाग लिया था। ब्रिक्स समूह में मूल रूप से ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका शामिल थे, लेकिन 2024 में इसका विस्तार कर इसमें मिस्र, इथियोपिया, ईरान और संयुक्त अरब अमीरात को शामिल किया गया जबकि इंडोनेशिया 2025 में इसमें शामिल हुआ था।
