Kanpur News: समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे एमएसएमई योजनाओं का लाभ, कानपुर बोले भूपेन्द्र चौधरी

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

कानपुर। उत्तर प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने शुक्रवार को उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन निदेशालय, कानपुर में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर एमएसएमई योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और रोजगार सृजन को गति देने पर जोर दिया। 

समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, ओडीओपी मार्जिन मनी योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना, ओडीओपी प्रशिक्षण एवं टूलकिट योजना सहित विभिन्न रोजगारपरक एवं उद्यम प्रोत्साहन योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

इसके अतिरिक्त फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स, कॉमन फैसिलिटी सेंटर, ओडीओपी सामान्य सुविधा केंद्र तथा प्लेज योजना की प्रगति पर भी चर्चा हुई। चौधरी ने कहा कि सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और इन योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। 

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में अधिक से अधिक लोग इन योजनाओं से जुड़ सकें। उन्होंने कहा कि लघु उद्योगों को बढ़ावा देकर युवाओं के लिए नए रोजगार अवसर विकसित किए जाएं। साथ ही रोजगारपरक योजनाओं में बैंकिंग स्तर पर आने वाली समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश भी दिए।

मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि योजनाओं के शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने तथा अधिकतम रोजगार सृजन पर विशेष ध्यान दिया जाए। बैठक में उत्तर प्रदेश एमएसएमई प्रोत्साहन नीति-2022 की उपलब्धियों, वित्तीय वर्ष 2026-27 के लक्ष्यों एवं बजटीय प्रावधानों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

इसके साथ ही प्रस्तावित "सरदार वल्लभभाई पटेल औद्योगिक एवं एम्प्लायमेंट जोन" तथा "एक जनपद एक व्यंजन" योजना की प्रगति की जानकारी भी साझा की गई। बैठक का समापन आयुक्त एवं निदेशक उद्योग के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इस अवसर पर सदस्य विधान परिषद संतोष सिंह सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।  

संबंधित समाचार