यूपी में जनगणना: पहले दिन 1.35 करोड़ घरों को मिला नंबर, ताजमहल-काशी विश्वनाथ मंदिर भी सूची में शामिल

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

-काशी विश्वनाथ मंदिर, ताजमहल और झांसी किला भी जनगणना सूचीकरण में शामिल -भीषण गर्मी के बीच शिक्षकों ने जनगणना कार्य टालने और अवकाश देने की उठाई मांग

लखनऊ, अमृत विचार: उत्तर प्रदेश में जनगणना 2027 के पहले चरण ‘मकान सूचीकरण एवं भवन गणना’ अभियान की शुक्रवार को जोरदार शुरुआत हुई। पहले ही दिन प्रदेश में 1 करोड़ 35 लाख से अधिक घरों को जनगणना संख्या प्रदान की गई। इस बार जनगणना में सिर्फ घरों की गिनती ही नहीं, बल्कि प्रदेश की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहरों को भी शामिल किया गया है।

काशी विश्वनाथ मंदिर, ताजमहल और झांसी किला जैसी ऐतिहासिक धरोहरों को भी मकान सूचीकरण और भवन गणना अभियान में दर्ज किया गया है। जनगणना 2027 के पहले चरण के तहत प्रदेशभर में कुल 3,89,312 मकान सूचीकरण ब्लॉकों में गणनाकर्मियों और पर्यवेक्षकों ने घर-घर पहुंचकर सर्वे शुरू किया। पहले दिन भवनों को नंबर देने और उनका नजरी नक्शा तैयार करने का कार्य प्राथमिकता में रखा गया। विभागीय आंकड़ों के अनुसार शाम पांच बजे तक 56 मकान सूचीकरण ब्लॉकों का कार्य पूरी तरह पूरा कर लिया गया, जबकि 14,546 ब्लॉकों में मोबाइल एप के माध्यम से डिजिटल डेटा संग्रहण भी शुरू हो गया।

इससे पहले 7 मई से 21 मई तक स्व-गणना अभियान चलाया गया था, जिसमें 47,96,158 परिवारों ने स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कराई। अधिकारियों के अनुसार एक मकान सूचीकरण ब्लॉक में 700 से 800 की आबादी और 180 से 200 मकानों का अनुमान रखा गया है। उधर, अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने भीषण गर्मी और लू को देखते हुए जनगणना कार्य आगे बढ़ाने की मांग की है। संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुशील कुमार पांडे ने कहा कि बांदा समेत कई जिलों में तापमान 48 डिग्री तक पहुंच चुका है और लू से लोगों की तबीयत बिगड़ रही है।

ये भी पढ़ें  : 
लखनऊ : वेटलैंड में प्राकृतिक दृश्य से कराया रूबरू, 'जैव विविधता हॉटस्पॉट' बनाने के लिए छात्रों को किया जागरूक

 

 

 

 

 

 

संबंधित समाचार