Amethi Job Fair : रोजगार मेले में उमड़ी युवाओं की भीड़, 156 युवाओं का हुआ चयन
अमेठी। उत्तर प्रदेश के अमेठी स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में आयोजित रोजगार मेले में युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर मिले। जिला सेवायोजन कार्यालय एवं राजकीय आईटीआई के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस मेले में 264 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया, जिनमें से 156 युवाओं का विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों में चयन किया गया।
रोजगार मेले में एलएंडटी कंस्ट्रक्शन, वेल्सपन तथा एसआईएस सिक्योरिटी जैसी कंपनियों ने भाग लिया। चयन प्रक्रिया एवं साक्षात्कार के बाद एसआईएस सिक्योरिटी में 33, एलएंडटी कंस्ट्रक्शन में 72 तथा वेल्सपन कंपनी में 51 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। इस अवसर पर जिला सेवायोजन अधिकारी अनुपमा रानी एवं राजकीय आईटीआई अमेठी के प्रधानाचार्य एम.पी. सिंह ने चयनित एवं प्रतिभागी युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें रोजगार के अवसरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
प्रधानाचार्य शिवाकान्त द्विवेदी एवं प्रधानाचार्य अजय कुमार सिंह ने भी अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग कर उन्हें रोजगार से संबंधित आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रदान किया। रोजगार मेले के सफल आयोजन में संस्थान के कार्यदेशक धर्मदेव, भारत भूषण मिश्रा सहित अन्य कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समन्वित प्रयासों से मेले का संचालन सुचारू रूप से संपन्न हुआ। रोजगार मेले से जिले के युवाओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला तथा बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार का अवसर प्राप्त हुआ।
