अब्बास अंसारी ने किया कोर्ट के आदेश का उल्लंघन, कानूनी नोटिस जारी करने की तैयारी में पुलिस

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

मऊ। उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में सदर विधायक अब्बास अंसारी पर अदालत के आदेशों के उल्लंघन का आरोप लगा है। पुलिस प्रशासन अब उन्हें कानूनी नोटिस जारी करने की तैयारी में है। बताया जा रहा है कि गाजीपुर में प्रवास और मऊ जिले में प्रवेश से संबंधित न्यायालय की शर्तों का पालन नहीं किए जाने के मामले में यह कार्रवाई की जा रही है।

इससे पहले गाजीपुर पुलिस भी उन्हें इसी प्रकरण में नोटिस दे चुकी है। अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने सोमवार को बताया कि गाजीपुर पुलिस द्वारा अब्बास अंसारी को पूर्व में नोटिस जारी किया गया था। नोटिस में उल्लेख किया गया है कि जमानत की शर्तों के तहत उन्हें केवल तीन दिन तक गाजीपुर में निवास करने की अनुमति प्रदान की गई है। 

उन्होंने बताया कि सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के अनुसार अब्बास अंसारी जब भी मऊ जनपद में प्रवेश करेंगे, उन्हें पूर्व सूचना पुलिस और प्रशासन को देना अनिवार्य है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि उन्होंने निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया या नहीं। 

पुलिस के अनुसार अब्बास अंसारी अब तक तीन बार मऊ जनपद में आ चुके हैं, लेकिन उन्होंने नियमानुसार प्रशासन को पूर्व सूचना नहीं दी। मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है और जल्द ही नोटिस जारी किया जाएगा। 

संबंधित समाचार